Wednesday, December 18, 2019

होनी होय सो होय-(प्रवचन-02)

होनी होय सो होय-(प्रवचन-02)

दूसरा प्रवचन

छाया मत छूना मन


प्रश्न-सार:


01-जब भी मैं किसी व्यक्ति के साथ आपकी करुणा और प्रेम-भाव के बारे में बातचीत करता हूं, तो आवाज रुंध जाती है, शब्द खो जाते हैं और पोर-पोर रोना आ जाता है, तब लगता है, मैं आपके अत्यंत निकट हूं। कृपया बताएं कि मैं आपकी अनंत अनुकंपा का ऋण कैसे चुकाऊं?

02-वर्षों से एक प्रश्न बार-बार मेरे मन में उठ रहा था। सोचा था, आपसे प्रश्न का समाधान मिल जाएगा, किंतु यहां आकर मेरा प्रश्न तो क्या, मैं ही खो गया हूं। ऐसा क्यों?

03-क्या तृष्णा-रहित जीवन ही भगवत्ता है? साथ ही आपसे जो सुख मिला है, उसके लिए धन्यवाद देता हूं।


पहला प्रश्नः ओशो, जब भी मैं किसी व्यक्ति के साथ आपकी करुणा और प्रेम-भाव के बारे में बातचीत करता हूं, तो आवाज रुंध जाती है, शब्द खो जाते हैं और पोर-पोर रोना आ जाता है। तब लगता है मैं आपके अत्यंत निकट हूं। कृपया बताएं कि मैं आपकी अनंत अनुकंपा का ऋण कैसे चुकाऊं?

चंद्रकांत भारती! यह स्वाभाविक है। प्रेम के पास कोई भाषा नहीं। प्रेम की भाषा मौन है। लेकिन प्रेम बोलना चाहता है। एक गहन अभीप्सा है प्रेम में..स्वयं को अभिव्यक्त करने की। अभिव्यंजना का कोई उपाय नहीं, अभिव्यक्ति की प्रबल अभीप्सा है। इससे रोना आ जाता है। कहना चाहते हैं; बिना कहे नहीं रहा जाता है। बांटना चाहते हैं; बिना बांटे नहीं रहा जाता है।
जैसे सूरज निकलेगा तो रोशनी बिखरेगी। जैसे फूल खिलेंगे तो सुगंध उड़ेगी। वैसे ही, जब प्रेम हृदय में घना होगा तो अभिव्यक्त होना चाहेगा। और अड़चन यह है कि प्रेम के पास अभिव्यक्ति का कोई उपाय नहीं है, कोई माध्यम नहीं। ऐसी दुविधा में उलझ कर, पोर-पोर रुदन उठे, आंखों से आंसू झरें तो आश्चर्य नहीं..विवशता के कारण; उस बेबसी के कारण, कि आज कहने को कुछ है और भाषा नहीं मिलती। कल जब कहने को कुछ भी नहीं था, कितनी भाषा थी। कल जब बांटने को कुछ भी न था, बांटने के सब उपाय उपलब्ध थे। आज बांटने को कुछ है, सब सेतु खो गए, सब उपाय खो गए, कोई विधि नहीं सूझती। क्यों ऐसा हो जाता है? इसलिए हो जाता है कि प्रेम शब्दों से बहुत बड़ा है। शब्द बड़े छोटे हैं। जैसे बूंद में कोई सागर को समाना चाहे, ऐसे शब्दों में प्रेम को भरने की चेष्टा है। प्रेम उतना ही बड़ा है जितना बड़ा परमात्मा है। उसकी कोई सीमा नहीं।
मनुष्य के जीवन की गहराइयों में परमात्मा का अनुभव प्रेम की भांति ही होता है। ‘परमात्मा’ तो उसी अनुभव को नाम दिया है। परमात्मा तो मात्र नाम है, अनुभव तो प्रेम का है। अनिर्वचनीय है अनुभव! सब व्याख्याएं पीछे छूट जाती हैं। शब्द कामचलाऊ हैं..बाजार में, दुकान में, व्यवसाय में, रोजमर्रा की जिंदगी में उनका उपयोग है। वस्तुओं के संबंध में उनका उपयोग है, अनुभूतियों के संबंध में उनका कोई उपयोग नहीं। शब्द विषयगत हैं, और प्रेम अंतरात्मा की प्रतीति है। प्रेम कोई विषय नहीं है। विषय होता तो कह पाते तुम और कह कर प्रसन्न हो पाते, आह्लादित होते, अपनी पीठ, अपने हाथ ठोक लेते। नहीं कह पाते हो, रोओगे नहीं तो क्या करोगे! लेकिन वे आंसू कुछ कह जाते हैं। जो शब्द नहीं कह पाते, वे आंसू कर जाते हैं। आंसू अपूर्व हैं! आंसू दुख के ही नहीं होते, महासुख के भी होते हैं।
प्रेम में बहे आंसू प्रार्थनापूर्ण हैं। उनमें सुगंध प्रार्थना की है। उनमें हजारों आरतियां हैं, अर्चनाएं हैं। और अभिव्यक्ति है, जो जबान नहीं कह पाती, जिसके लिए जबान अचानक बेजुबां हो जाती है। आंखें उसे कहने लगती हैं।
आंखें मनुष्य के पास सर्वाधिक संवेदनशील साधन हैं। आंखों से ज्यादा संवेदनशील हमारे पास और कुछ भी नहीं है। इसलिए अंधे पर जितनी दया आती है उतनी दया और किसी पर नहीं आती..लंगड़े पर नहीं आती, लूले पर नहीं आती, बहरे पर नहीं आती। अंधे पर जितनी दया आती है उतनी किसी पर नहीं आती। कारण? सर्वाधिक संवेदनशील जीवन की जो क्षमता थी, उस बेचारे के पास नहीं है। लंगड़े के लिए, लूले के लिए, बहरे के लिए, हमने कोई सुंदर शब्द नहीं बनाए। अंधे को अंधा कहने में हमें अड़चन होती है; उसे हम कहते हैं..सूरदास जी। उसे अंधा कहने में हमें पीड़ा होती है। अंधा कहने में भी लगता है: अब और इस मारे को क्या मारना! इस दीन को और क्यों दीन करना! लंगड़े को हम लंगड़ा ही कहते हैं। लूले को लूला ही कहते हैं। बहरे को बहरा ही कहते हैं। सिर्फ अंधे के लिए हमने नाम खोजा है..सूरदास। और भी एक सुंदर नाम खोजा है अंधे के लिए, उसको हम कहते हैं..प्रज्ञाचक्षु। प्रज्ञाचक्षु का अर्थ होता है: जिसके पास चमड़े की आंख तो नहीं, लेकिन चेतना की आंख है। सांत्वना दे रहे हैं कि मत घबड़ा, नहीं है तेरे पास चमड़े की आंख, चिंता मत कर..बोध की आंख तो है, चेतना की आंख तो है! ढाढस बंधाते हैं उसे, साहस बंधाते हैं उसे।
सबके पीछे एक कारण है कि आंख मनुष्य के जीवन-अनुभव में सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। इसलिए जिन्होंने परमात्मा को जाना, उनको हमने द्रष्टा कहा, श्रोता नहीं कहा। क्यों द्रष्टा? आंख से क्यों जोड़ा? इस देश में तो हम तत्व-शास्त्र को दर्शन कहते हैं। ठीक कहते हैं, वही ठीक शब्द है..देखने की कला। हमने उस परम अनुभूति की जो प्रतीति होती है, उस प्रतीति के लिए जो केंद्र माना, उसको तीसरी आंख कहा, शिव-नेत्र कहा।
मनोवैज्ञानिक कहते हैं..शरीर शास्त्री भी उससे राजी हैं..कि मनुष्य को जितनी संवेदनाएं होती हैं उनमें अस्सी प्रतिशत आंख से होती हैं, बीस प्रतिशत ही दूसरी और चार इंद्रियों पर बंटती हैं। मतलब..और इंद्रियों के हाथ में पांच प्रतिशत ही पड़ता है एक-एक इंद्रिय के हाथ में। और आंखों के हाथ में है अस्सी प्रतिशत। अगर तुमसे कोई कहे कि कोई भी एक इंद्रिय बचा लो, तो तुम क्या बचाना चाहोगे? बस आंख बचाना चाहोगे। आंख बची तो अस्सी प्रतिशत बच जाओगे। आंख गई, तो बाकी चार इंद्रियां भी बच जाएं तो भी बीस प्रतिशत ही बचोगे। और एक ही इंद्रिय बचे तो केवल पांच प्रतिशत ही बचोगे।
और आंखों की भाषा है आंसू। तो जब भी कोई अनुभूति बहुत गहन हो जाती है..ऐसी कि शब्दातीत..तब आंसू झर पड़ते हैं। चाहे दुख हो, बहुत गहन, कि तुम कह न सको, कि शब्द ओछे..थोथे मालूम पड़ें, कि शब्दों का उपयोग करना ही अवांछनीय मालूम हो, तो आंखें झर पड़ती हैं। या आनंद हो, प्रेम हो, समाधि लगे, तो भी आंखों से झर-झर आंसू गिर जाते हैं। आंसू तो केवल इस बात की खबर देते हैं कि तुम्हारे भीतर कुछ घट रहा है, जिसे अब तुम समा नहीं सकते हो। बाढ़ आई है..फिर दुख की हो, सुख की हो, प्रेम की हो, बाढ़ होनी चाहिए, किसी भी भाव-दशा की बाढ़ हो।
चंद्रकांत, इसीलिए गला रुंध जाता होगा, शब्द खो जाते होंगे, रोना आ जाता होगा। और स्वभावतः उन घड़ियों में यदि तुम अनुभव करते हो कि मैं आपके अत्यंत निकट हूं, तो आश्चर्य नहीं। उन घड़ियों में तुम निकट हो ही। उन घड़ियों में तुम्हारा मन मिट गया। और जहां मन मिटा वहीं निकटता है। जब तक मन है तब तक दीवार है। जहां मन नहीं वहां दीवाल नहीं। जब नहीं कह पाते हो कुछ तो मन किंकर्तव्यविमूढ़ रह जाता है। पहली दफा अपने को नपुंसक पाता है, असमर्थ पाता है, असहाय पाता है। छिप जाना चाहता है। और सब जगह मन की गति है..गणित हो तो मन की गति है, विज्ञान हो तो मन की गति है। सिर्फ कुछ ही अनूठी अनुभूतियां हैं..प्रेम की, आनंद की, समाधि की..जहां मन की गति नहीं हैं; जहां मन अपने को अचानक पाता है मेरा कोई उपयोग नहीं; जहां मन पहली दफा व्यर्थ दिखाई पड़ता है; जहां मन बीच से हट जाता है। हटना ही पड़ता है उसे। तुम मन के पार उठ जाते हो।
और मन के पार हो तो गुरु के निकट हो, प्रकृति के निकट हो, परमात्मा के निकट हो। मन के पार हो तो अस्तित्व के निकट हो।
और ऋण की जरा भी चिंता न करो। किसका ऋण? मैंने तुम्हें कुछ दिया नहीं। तुम्हें लगता है कि मैंने तुम्हें कुछ दिया। वह तुम्हारे प्रेम का आभार। लेकिन मैंने तुम्हें कुछ दिया नहीं। तुम्हारे भीतर ही जो पड़ा था, उसकी ही तुम्हें सुधि दिला दी; उसकी ही तुम्हें..जैसा कल कबीर कहते थे, सुरति को चढ़ाओ..तुम्हें उसकी सुरति दिला दी। धन तुम्हारा था, चाबी भी तुम्हारे पास थी, सिर्फ भूल बैठे थे।
कभी-कभी ऐसा होता है न, किसी का नाम याद करना चाहते हो और कहते हो जबान पर रखा है और याद नहीं आता। वे क्षण बड़ी विडंबना के होते हैं, बड़ी बेचैनी लगती है। जबान पर रखी है बात और आती नहीं।
एक विज्ञान का शिक्षक अपने विद्यार्थियों से पूछ रहा था। उसने एक सूत्र दिया और कहा कि इसका अर्थ बताओ। जिस विद्यार्थी से पूछा, उसने कहा कि अर्थ मेरी जबान पर रखा है, मगर याद नहीं आ रहा। शिक्षक ने कहा थूक बेटा, जल्दी थूक, क्योंकि यह जहर है। यह जो सूत्र है, जहर का सूत्र है। यह जबान पर रखने की चीज नहीं। दो सेकेंड रह गए, मारे गए।
तुम्हें भी बहुत बार जीवन में अनुभव होता है, कोई चीज जबान पर अटकी रह जाती है।
मेरा काम कुल इतना है, तुम्हें याद दिला दूं। तुम्हें झकझोर दूं। तुम थोड़े सो गए हो, तुम्हें पुकार दे दूं। जैसे अलार्म की घड़ी, उसके तुम ऋणी थोड़े ही हो जाते हो, कि उसने सुबह तुम्हें उठा दिया तो तुम उसको जीवन भर अपने सिर पर लेकर ढोते रहोगे।
तुम्हारा प्रेम है तो तुम पूछते हो कि ऋण कैसे चुकाऊं, मगर ऋण इत्यादि की कोई बात ही नहीं। न मैंने तुम्हें कुछ दिया, न तुम्हें मुझे कुछ देना है। यह लेने देने का मामला नहीं। मेरे भीतर मेरा गीत जगा, मैं उसे गा रहा हूं। मैं भी मजबूर हूं, उसे बिना गाए रहा नहीं जा सकता। तुमने कृपा की कि सुन लिया। उस गीत ने तुम्हारे भीतर जाकर हलचल कर दी। तुम्हारे भीतर भी कड़ियां जमने लगीं। तुम्हारे भीतर भी धुन बजने लगी।
तुमने देखा न, कोई वीणा बजाए, तुम हाथ से थाप देने लगते हो! तबला बजता है, तुम्हारे पैरों में नृत्य जगने लगता है। बस ऐसा ही। सदगुरु के पास इतना ही होता है। उसने तबले पर थाप दे दी, तुम्हारे पैर नाचने लगे। उसने वीणा बजाई, तुम्हारी हृदय-तंत्री भी बज उठी। उसकी बजती वीणा को सुनते-सुनते तुम्हें याद आ गई अपनी वीणा की। बस याद आते ही क्रांति घटनी शुरू हो जाती।
इसलिए चंद्रकांत, कोई ऋण की बात नहीं है। सत्य कोई वस्तु थोड़े ही है, जिसे लिया दिया जा सके। मगर तुम्हारी मनोदशा मैं समझता हूं। लगता है प्रत्येक शिष्य को ऐसा। स्वाभाविक है कि अब कैसे चुकाऊं! इतना विराट अनुभव होने लगे तो स्वभावतः मन कहता है कि उऋण कैसे हो जाएं। मगर कोई उपाय नहीं है। न तो उऋण होने का कोई उपाय है, न कोई जरूरत है। यह तुम्हारा ही दीया है। तुम बाहर देखते थे, मैंने तुम्हें पुकार दी; कहा, जरा भीतर देखो; तुमने सुन ली और भीतर देखा। जैसे राह पर खड़े किसी सिपाही से तुम पूछ लो कि स्टेशन का रास्ता कौन सा है। फिर ठीक है धन्यवाद दे दिया और स्टेशन की तरफ चले गए। कुछ ऋण इत्यादि की बात नहीं है।

संध्या ने नील गगन में छिड़की है कुंकुम-लाली,
इस उर में, हाय, जगा दी किसकी ‘स्मृति’ मृदु मतवाली?

किस लाल-लाल मदिरा से भर गया हृदय का प्याला?
जल उठी अचानक जैसे फिर बुझी बुझाई ज्वाला

ब्रह्मांड अखिल करता है नर्तन आंखों में मेरी।
रवि, शशि, तारे देते हैं मेरे प्राणों में फेरी।

क्या घूम रहा आंखों में छाया-सा, धंुधलेपन-सा,
विस्मय-सा, कुतूहल-सा झिलमिल लघु शारद घन-सा

जिज्ञासा, गूढ़ पहेली, कुछ तत्व-ज्ञान दर्शन-सा,
सुर-धनु, विद्युत, हृत्स्पंदन, पीड़ा-सा, पागलपन-सा

कंपन-सा, प्रेम-पुलक-सा, शुचि प्रणय-ग्रंथि-बंधन-सा,
व्याकुलता, विरह-व्यथा-सा, मृदु मधुर अधर चुंबन-सा।

संध्या ने नील गगन में छिड़की है कुंकुम-लाली,
इस उर में, हाय, जगा दी किसकी ‘स्मृति’ मृदु मतवाली?

बस एक स्मृति जगा रहा हूं। जो तुम्हारा है, वही तुम्हें दे रहा हूं। इस सूत्र को ख्याल में रख लो। जो तुम्हारा नहीं है, वह तुमसे मुझे छीनना है; और जो तुम्हारा है वह तुम्हें ही मुझे दे देना है। इसलिए कैसा ऋण?
कुछ नासमझ हैं, जो नाराज हो जाएंगे, क्रोधित हो जाएंगे, क्योंकि उन्हें लगेगा कि मैं उनसे कुछ छीन रहा हूं। मैं तुमसे वही छीन रहा हूं जो तुम्हारा नहीं है और न कभी तुम्हारा हो सकता है। सच तो यह है, इतना ही नहीं कि तुम्हारा नहीं है, वरन है ही नहीं। तुम्हारा अहंकार तुमसे छीन रहा हूं, जो कि झूठ है, जो कि असत्य है। तुम्हारी मृत्यु की धारणा तुमसे छीन रहा हूं। जो कि अतथ्य है, न कभी हुई है, न कभी होगी। तुम्हारा भय तुमसे छीन रहा हूं, क्योंकि तुम्हारा भय जब तक है, तुम्हारा भगवान भी भय पर ही आधारित होगा।
और तुम्हें दे क्या रहा हूं? भय छिन जाए, तुम्हारे भीतर सोया निर्भय जग जाएगा। देना कुछ भी नहीं है। अहंकार हट जाए, आत्मा फूलों से लद जाएगी। मृत्यु की धारणा गिर जाए, उदघोष होने लगेगा..अमृतस्य पुत्रः! अमृत के पुत्र हो तुम! जो तुम पर कचरा-कूड़ा है, व्यर्थ है, छाया जैसा है, माया है..उसे छीन लेना है; और जो तुम्हारा है, उसके छीनते ही प्रकट हो जाता है।
उड़ो, अब तुम्हें पंख मिलने शुरू हुए चंद्रकांत! दूर की यात्रा पर निकलना है। प्रेम जगा है, इसे विराट से विराटतर करते जाना है..इतना जितना कि बड़ा आकाश है, कि चांद-तारे इसमें समा जाएं, कि यही प्रेम एक दिन तुम्हारे लिए परमात्मा का परम अनुभव हो।

पंख जागे..
नींद का अविचल
मुलायम थाप से टूटा:
सितारों के करोड़ों बीज
नम आकाश में डूबे,
उगी किरणें..तरुण तन, सिक्त मन, आसक्त आनन,
असित तम मानो किसी अभिशाप से छूटा:
सवेरा
खिलखिलाती जिंदगी से भर गया,
हर स्वप्न बीती रात का
हर फूल ने लूटा

पंख जागे,
और आगे..
थाम अपने कंपनों में
व्योम का निष्कंप
बढ़ते,
भूमि के संक्षेप में रख निज परिधि के मर्म..

जागे पंख
अपने अंग से आगे
धरा का मूढ़ आकर्षण तिरस्कृत कर।
अरे ये साहसी डैने
किधर? किस व्योम के संतुलन में घटते चले जाते?
प्रकृति का अदृश्य आलिंगन हटाते, जूझते-थकते चले जाते?

कहां अपने स्वयं से दूर
मिट्टी के सुनहले पंख जागे
भोर ही बढ़ते चले जाते?
बराबर और आगे...और आगे...
छिड़े, उद्यमी पंख जागे,
दूर
नभ के गर्भ में शिशुवत हुए जाते,
अजन्मे सूक्ष्म के अति पास;
अपनी मृत्यु से आगे।

पंख जागे..
नींद का अविचल
मुलायम थाप से टूटा:
सितारों के करोड़ों बीज
नम आकाश में डूबे,
उगी किरणें..तरुण तन, सिक्त मन, आसक्त आनन,
असित तम मानो किसी अभिशाप से छूटा:
सवेरा
खिलखिलाती जिंदगी से भर गया,
हर स्वप्न बीती रात का
हर फूल ने लूटा
पंख जागे, और आगे..

और यात्रा करनी है। पंख फड़फड़ाए हैं तुमने अब। ये आंखें जो प्रेम के आंसुओं से भर गई हैं, जल्दी ही अनंत के आलोक से भी भर जाएंगी। ये प्रेम के आंसू इन आंखों को निर्मल कर जाएंगे, स्वच्छ कर जाएंगे, इनकी धूल झाड़ जाएंगे।
रोओ, जी भर कर रोओ। जब प्रेम के आंसू आएं, स्वागत करो! घबड़ाना मत, घबड़ाना स्वाभाविक है। किसी से बात करते होओगे मेरे संबंध में और आवाज रुंध जाती होगी, तो जरूर संकोच लगता होगा, लज्जा लगती होगी। मत लज्जा करना, मत संकोच मन में लाना। शुभ लक्षण हैं। शब्द खो जाते होंगे।
और चंद्रकांत को मैं जानता हूं, शब्दों के धनी हैं। शब्दों के धनी व्यक्ति को जब शब्द खो जाते हैं तो बड़ी बेचैनी होती है, बड़ा ऊहापोह होता है..क्या करूं, क्या न करूं? कहां मुंह छिपा लूं? यह बोलते-बोलते कंठ का रुक जाना, यह शब्द का खो जाना और फिर आंखों का आंसुओं से भर जाना।
नहीं, मत छिपाना उन आंसुओं को। मोतियों से वे ज्यादा मूल्यवान हैं। उन्हें गिर जाने देना और धीरे-धीरे तुम अनुभव करोगे कि जो तुम नहीं कह पाए शब्दों से, वह आंसू कह गए हैं और बहुत कुशलता से कह गए हैं। तुम्हारे शब्द तो शायद कानों तक पहुंचते, तुम्हारे आंसू हृदय तक पहुंच जाएंगे। तुम बोलते तो शायद तर्क ही होकर रह जाता। तुम्हारा कंठ रुंध गया, अवरुद्ध हो गया, तो दूसरा भी पत्थर तो नहीं है, उसके भीतर भी कुछ घटेगा।
रही ऋण की बात, सो बिल्कुल भूल जाओ। मैंने तुम्हें कुछ दिया नहीं। तुम मुझे धन्यवाद भी दो, इसकी भी जरूरत नहीं है।

दूसरा प्रश्नः ओशो, वर्षों से एक प्रश्न बार-बार मेरे मन में उठ रहा था। सोचा था, आपसे प्रश्न का समाधान मिल जाएगा। किंतु यहां आकर मेरा प्रश्न तो क्या, मैं ही खो गया हूं। ऐसा क्यों?

महादेव प्रसाद! यही है उत्तर, जिसकी तुम्हें सच में तलाश थी। सच्चे प्रश्नों के उत्तर नहीं होते। सच्चे प्रश्नों का गिर जाना ही उत्तर है। झूठे प्रश्नों के उत्तर होते हैं।
किसी से पूछो दो और दो कितने होते हैं, कोई भी उत्तर दे देगा, छोटा सा बच्चा उत्तर दे देगा कि दो और दो चार होते हैं। क्योंकि गणित मनुष्य की ईजाद है। प्रकृति में कहीं कोई गणित नहीं है। अगर आदमी खो जाए तो वृक्ष रहेंगे, समुद्र रहेंगे, पर्वत रहेंगे, चांद-तारे रहेंगे, गणित नहीं बचेगा। गणित बिल्कुल मनुष्य पर निर्भर है। पशु-पक्षियों को गणित से क्या लेना-देना! वृक्ष कोई गिनती करेंगे, बादलों को, चांद तारों को गणित से क्या लेना-देना! गणित मनुष्य की ईजाद है।
और तुम देखते हो, दुनिया भर में अलग-अलग देशों में, अलग-अलग जातियों में, अलग-अलग कालों में, लेकिन एक बात समान रही है गणित के बाबत कि सारी दुनिया के गणित-शास्त्रों में, गणित के अंक दस ही होते हैं। तुमने कभी सोचा कि क्यों। इसलिए क्योंकि आदमी की दस अंगुलियां हैं। अब भी तो गांव के लोग अंगुलियों पर ही गिनती करते हैं। दस अंगुलियों की वजह से दस आंकड़े और सारा गणित दस में पूरा है। दस पर बस आ जाता है। फिर दस के बाद तो पुनरुक्ति है..ग्यारह, बारह वह तो पुनरुक्ति है। फिर तुम कितनी ही पुनरुक्ति करते जाओ, मगर मूल गणित दस पर खतम हो जाता है। और क्यों खतम हो जाता है दस पर? संयोगवशात आदमी की दस अंगुलियां हैं; समझो कि नौ ही अंगुलियां होतीं तो नौ ही आंकड़े होते।
इस आधार को मान कर दुनिया के कुछ गणितज्ञों ने कम आंकड़ों से भी काम चलाया है। पश्चिम के बहुत बड़े गणितज्ञ लीबनित्ज ने तीन ही आंकड़े माने; उसने कहा कि दस की क्या जरूरत, तीन से काम चल जाता है। एक, दो, तीन। और तीन के बाद फिर चार नहीं आता, फिर दस; ग्यारह, बारह, तेरह और फिर तेरह के बाद चैदह नहीं आता, बीस। मगर काम हो जाता है। लीबनित्ज के गणित में दो और दो चार नहीं होते, दो और दो दस होते हैं। मगर काम उससे भी चल जाता है। उसने बड़े-बड़े सवाल गणित के इसी से हल कर दिए हैं।
अलबर्ट आइंस्टीन ने तो एक कदम और आगे लिया; उसने कहा कि तीन की भी क्या जरूरत है, दो से काम चल सकता है; दो से कमे में काम नहीं चल सकता। इसलिए न्यूनतम मानना चाहिए। उसने दो ही आंकड़े माने..एक और दो। तो दो और दो उसके हिसाब से चार नहीं हो सकते, चार का तो उपाय ही नहीं है।
गणित बिल्कुल काल्पनिक शास्त्र है, इसलिए उत्तर हो सकते हैं। आदमी के ही प्रश्न हैं, आदमी ही उनके उत्तर बना लेता है। लेकिन तुम पूछो प्रेम क्या है..और बस मुश्किल खड़ी हुई। तुम पूछो सत्य क्या है..और मुश्किल खड़ी हुई। तुम पूछो परमात्मा क्या है..और मुश्किल खड़ी हुई।
जीवन के जो वास्तविक प्रश्न हैं, उनके कोई उत्तर होते हैं? और जो उत्तर देते हैं वे मूढ़ हैं। पूछने वाला नासमझ है, इसलिए पूछ रहा है और उत्तर देने वाला भी नासमझ होना चाहिए, इसलिए उत्तर दे रहा है। वस्तुतः ज्ञानी जो हैं वे तुम्हारे मूढ़ प्रश्नों के उत्तर नहीं देते। समाधान देते हैं, उत्तर नहीं। भेद समझ लेना। उत्तर और समाधान में बड़ा भेद है, जमीन-आसमान का भेद है। समाधान का अर्थ है: प्रश्न का गिर जाना, प्रश्न का मिट जाना। और उत्तर का अर्थ है: प्रश्न की जगह एक धारणा तुम्हारे भीतर रख दी जाती है। मगर उस धारणा से दस नये प्रश्न खड़े होंगे, महादेव प्रसाद ख्याल रखना। धारणा से एक उत्तर मिला, ऐसा मत सोच लेना कि एक प्रश्न हल हो गया; सिर्फ दस प्रश्नों के लिए और सुविधा हो गई।
तुमने पूछा, जगत को किसने बनाया? और जिनको तुम पंडित कहते हो और जिनको मैं मूढ़ कहता हूं..कोई महामूढ़ कहेगा, ईश्वर ने। इससे क्या समझते हो कोई हल हुआ? अब सवाल यह उठता है कि ईश्वर ने क्यों बनाया? तो महामूढ़ों ने उनके भी उत्तर खोज रखे हैं; खोज रखे हैं क्या ईजाद कर लिए हैं..कि इसलिए बनाया है, क्योंकि वह अकेला था और अकेले में उसे बड़ा कष्ट होने लगा। चलो मान लें, तो नये प्रश्न उठेंगे..क्योंकि पहले क्यों नहीं बनाया; जब बनाया तभी क्यों बनाया? अकेला तो बहुत पहले से था। अकेला तो सदा से ही था। जब बनाया तभी क्यों बनाया? पहले अक्ल नहीं आई? पहले कुछ बुद्धि की कमी थी?
और भी प्रश्न उठेंगे, कि अगर परमात्मा को भी अकेलापन खलता है तो फिर गरीब आदमी की क्या बिसात? तो फिर गरीब आदमी से क्यों कहा जाता है कि अपने भीतर के एकांत में डूबो? ध्यान, समाधि, ये सब हैं क्या? अपने एकांत में उतरना है। जब परमात्मा भी अकेला न रह सका तो बेचारे आदमी को क्यों सताते हो? तो इसको भी बसाने दो घर-गृहस्थी, संसार। इसको भी भटकने दो भीड़ में। जब परमात्मा भी भीड़ के बिना न रह सका और आदमी इतनी बड़ी भीड़ मांगता भी नहीं..पत्नी हो, दो-चार बच्चे हों, घर द्वार हो, थोड़े मित्र हों, बस पर्याप्त है। परमात्मा को तो भारी भीड़ की जरूरत पड़ी है। यह पृथ्वी कोई अकेली नहीं, जिस पर जीवन है। वैज्ञानिक कहते हैं: कम से कम पचास हजार पृथ्वियां और हैं जिन पर ऐसा जीवन है। कम से कम; ज्यादा हो सकती हैं। इतना भीड़-भड़क्का, इतना शोरगुल, इतना उपद्रव! परमात्मा को इतने बड़े संसार की जरूरत पड़ी? इतने बड़े संसार की तो संसारियों को भी जरूरत नहीं है। छोटी-मोटी दुकान हुई, चला; थोड़ा पैसा हुआ। और इसी परमात्मा को पाने के लिए संसार छोड़ना पड़ता है! तो प्रश्न ही प्रश्न उठेंगे कि मामला क्या है। जब परमात्मा ही संसार के बिना नहीं रह सका तो हम गरीबों को क्यों सताते हो, हमें क्यों भेजते हो कि गुफाओं में बैठो? अरे तो परमात्मा ही बैठ जाता किसी गुफा में! न होता बांस न बजती बांसुरी! झंझट ही नहीं होती। परमात्मा को संन्यास नहीं सूझा, यह महात्माओं को सूझा! परमात्मा से भी पहुंच इनकी बड़ी गहरी मालूम पड़ती है!
और फिर सवाल उठता है कि आदमी को ही बनाना था तो थोड़ा ढंग का बनाता। यह बेढंगा आदमी, न मालूम कितने क्रोध, ईष्र्या, वैमनस्य, घृणा, ये सब इसमें रख देने की क्या जरूरत थी? अरे तुमको अकेले से तकलीफ थी, तो भले आदमी बनाते। यह दुष्ट संग! कम से कम सत्संग तो करते! महात्मा ही महात्मा बना लेते। ...ये बैठे महात्मा गांधी, ये बैठे विनोबा भावे! सत्संग चल रहा है! ये तरह-तरह के आदमी, एक से एक उपद्रवी, इन सबको क्या बनाने की जरूरत थी? चंगीज खान और तैमूरलंग और नादिरशाह और एडोल्फ हिटलर और जोसफ स्टैलिन...और प्रत्येक आदमी के भीतर इतनी गर्हित वासना क्यों रख दी? पाप का ऐसा आकर्षण क्यों रख दिया? बुराई में इतना बल क्यों भर दिया कि लाख चिल्लाते रहें महात्मागण, कोई सुनता नहीं। सच तो यह है कि दूसरों की तो फिकर ही छोड़ दो, महात्मागण भी जो कहते हैं, वे खुद भी कहां सुनते हैं!
कल ही मैं एक कहानी पढ़ रहा था। एक अमरीकी महिला परमात्मा की खोज में भारत आई, गई हिमालय। न मालूम कैसे यह भ्रांति फैल गई है कि हिमालय में परमात्मा कुछ ज्यादा उपलब्ध है, कुछ ज्यादा मात्रा में वहां है। जैसे वह भी कहीं-कहीं सघन और कहीं-कहीं विरल है। और जैसा कि होना था, मिल गए एक महात्मा। और हिमालय में महात्मा नहीं मिलेंगे तो और क्या मिलेगा! उनकी जटा-जूट, शरीर पर लगाई गई भस्म, धूनी रमाए बैठे थे। बड़े मस्त दिखाई पड़ रहे थे, असलियत थी कि गांजा पी गए थे। महात्मा और गांजा न पीएं, यह हो ही नहीं सकता। क्योंकि महात्मा कहते हैं कि जब परमात्मा ने बनाया गांजा तो पीने के लिए ही बनाया। दम मारो दम...!
 महिला एकदम प्रभावित हो गई। महात्मा की आंखें बिल्कुल ऊपर चढ़ी थीं, जैसे तीसरे नेत्र को देख रहे हों! चरणों पर गिर पड़ी। कहा: मन की शांति के लिए आई हूं। मेरी आत्मा को शांति दो। महात्मा ने कहा कि बेटी, सब हो जाएगा, समय पर सब हो जाएगा। धीरज रख। महिला रुक गई। और तो कोई था नहीं वहां गुफा में..महात्मा और महिला। रात तक गांजे का नशा उतर गया। महात्मा ने गौर से...उनकी आंखें जरा तृतीय नेत्र से नीचे उतरीं...महिला को देखा। सुंदर महिला! एकदम उस पर हमला कर दिया। महिला को तो समझ में ही नहीं आया। उसने कहा: अरे महात्मा जी, यह क्या करते हैं!
महात्मा जी ने कहा: क्या करता हूं! अरे जो करना चाहिए वही करता हूं।
महिला ने कहा: मैं आत्मा की शांति कि मन की शांति के लिए आई हूं, आप यह क्या करते हैं?
महात्मा ने कहा: जब तक शरीर की शांति नहीं होगी, न मन की हो सकती है, न आत्मा की हो सकती है। हर चीज क ख ग से शुरू करनी पड़ती है।
कौन सुने तुम्हारे महात्माओं की! महात्मा खुद ही कहां मानते हैं! मान भी नहीं सकते। उनका भी कोई कसूर नहीं। कसूर होगा तो परमात्मा का है। क्यों रखा आदमी में वासना का इतना बल? क्यों इतनी कशिश? प्रश्न पर प्रश्न उठते चले जाएंगे। हल करना मुश्किल हो जाएगा। और तुम पूछे थे एक ही प्रश्न कि संसार कैसे हुआ। और तुम्हारे पंडित ने कहा था: परमात्मा ने बनाया। उसने सोचा था मामला निपटा दिया। मामला कुछ निपटा नहीं, मामला और उलझ गया।
उत्तर में उत्तर कहां है? उत्तर में और हजार प्रश्न दबे हैं। और उठते ही जाएंगे। इसलिए बुद्ध जैसे ज्ञानी ने उत्तर ही नहीं दिया: जब भी किसी ने पूछा संसार को किसने बनाया, बुद्ध ने कहा: किसी ने नहीं, संसार सदा से है। झंझट मिटी, नहीं तो वह एक प्रश्न का उत्तर दो कि फिर प्रश्नों का एक सिलसिला खड़ा हो जाता है, एक कतार लग जाती है, जिसका कोई अंत नहीं आता।
फिर सवाल उठता है कि परमात्मा भले आदमियों को तो कष्ट दे रहा है, बुरे आदमियों को मजा लूटने का अवसर दे रहा है, यह क्या हो रहा है? और अगर इस जगत में यह हो रहा है तो दूसरे जगत का भी क्या भरोसा! जो लुच्चे-लफंगे यहां बाजी मार ले जाते हैं वे वहां भी बाजी मार ले जाएंगे। ज्यादा संभावना इसी की है, क्योंकि उनका अभ्यास बाजी मार लेने का। तुम यहां भी हारे, वहां भी हारोगे। जिंदगी भर हारने का अभ्यास ही किया। यहां भी लुटे, वहां भी लुटोगे। और जो जेब काटने में कुशल हो गया है।
मैंने सुना है एक आदमी मरा। जैसे ही पहुंचा स्वर्ग के दरवाजे पर, द्वारपाल ने दरवाजा खोला और पूछा: आप कौन हैं?
उसने कहा: चंदूलाल लोहेवाला।
भई इस तरह के आदमी के स्वर्ग में आने की, हमें कोई खबर नहीं है।
लेकिन चंदूलाल लोहेवाला भी लोहेवाला था। उसने कहा: हम इधर से हटने वाले भी नहीं हैं। यह मेरी आदत ही नहीं है। अरे जिस द्वार पर टिक गया वहीं अड़ा ही रहा हूं।
काम क्या करते हो? पूछा द्वारपाल ने। उसने कहा कि लोहे का धंधा है। यह धंधा ही ऐसा है। पुराना लोहा खरीदता हूं, घिस-घिसा कर नया करके बेचता हूं। जाऊंगा नहीं।
द्वारपाल ने कहा: मैं जाकर परमात्मा से पता लगाता हूं। पता लगा कर जब तक द्वारपाल आया, न तो चंदूलाल लोहेवाले वहां थे और न दरवाजा वहां था। लोहे का दरवाजा पुराना, उसने देखा कि मारो हाथ!
जो यहां हाथ मार रहे हैं, वे वहां भी छोड़ेंगे नहीं। तुम्हारे जीवन भर की आदतें ही तो तुम्हें निर्मित करती हैं। तो सवाल उठता है कि यहां देखते हो तुम बेईमानों को जीतते, सत्ता में बैठते। धन, पद, प्रतिष्ठा, सब उनकी। ईमानदारों की पूछताछ कौन करता है! उनको रोटी-रोजी मिल जाए, यही बहुत है, वह भी कहां पूरी मिलती है! लंगोटी ही बच जाए, यही बहुत; इस दुनिया में वह भी कहां बचती है!
मुल्ला नसरुद्दीन अपने बुढ़ापे में, गांव का काजी हो गया था। पहला ही मुकदमा उसकी अदालत में आया। एक आदमी एकदम रोता-चिल्लाता, छाती पीटता कि लुट गया, इसी गांव के बाहर लुटा हूं, इसी गांव के किसी आदमी ने लूटा है।
मुल्ला नसरुद्दीन ने कहा कि पहले चुप हो। ठीक-ठीक बात कर। सब लुट गया! लेकिन यह अंडरवियर! तू चिल्लाए चला जा रहा है..सब लुट गया, सब लुट गया!
उस आदमी ने कहा: यह बात तो ठीक है। और सब लुट गया, सिर्फ अंडरवियर छोड़ गए वे लोग।
तो मुल्ला ने कहा: वे किसी और गांव के रहे होंगे। इस गांव की आदत ही नहीं है यह; यहां तो जो काम किया जाता है, पूरा किया जाता है। मैं तेरा मुकदमा लेने में असमर्थ हूं। इस गांव में अधूरा काम करने की आदत ही नहीं। ‘यहां लंगोटी भी नहीं बचती। लंगोटी भी बच गई तो समझो बहुत है। तो सवाल उठेगा कि यह परमात्मा है भी या नहीं? ’
फ्रेड्रिक नीत्शे ने कहा है: अगर संसार को गौर से देखो तो सिद्ध होता है कि परमात्मा नहीं है, क्योंकि इतनी बेईमानी, इतनी जालसाजी, इतनी चार सौ बीसी, और फिर भी तुम कहे चले जाते हो..परमात्मा है! शैतान जीतता दिखाई पड़ता है, परमात्मा हारता दिखाई पड़ता है। बुराई जीतती दिखाई पड़ती है, भलाई हारती दिखाई पड़ती है। सिर्फ शास्त्रों में लिखा है: सत्यमेव जयते! लेकिन कहीं सत्य को जीतते देखते हो? असत्यमेव जयते! असत्य जीतता दिखाई पड़ता है। जितने कुशल तुम झूठ बोलने में हो, उतनी ही सफलता की संभावना है।
यहां क्या, वहां भी यही मैंने हालत सुनी है, उस लोक में भी। स्वर्ग और नरक के बीच में जो दीवाल है, जरा-जीर्ण हो गई, अति प्राचीन है, कई जगह से गिर गई। एक दिन दोनों तरफ से..उस तरफ शैतान, इस तरफ परमात्मा..टहलते हुए दीवाल के पास आ गए। परमात्मा ने शैतान से कहा कि भई देखो दीवाल गिर गई है और यह गिरी है तुम्हारे तरफ के उपद्रव के कारण। हजार दफे कहा है कि तुम अपने आदमियों को सम्हालो। दीवाल पर चढ़-चढ़ जाते हैं। कोई हमारी तरफ के आदमी दीवाल पर नहीं चढ़ते! महात्मा लोग हैं वे अपने झाड़ों के नीचे बैठे रहते हैं, कौन दीवाल पर चढ़े! और तुम्हारे आदमी दीवाल की ईंटें खींच कर एक-दूसरे के ऊपर फेंकते हैं। तो यह दीवाल तुम्हारी वजह से ही खराब हुई, इसको सुधारो।
शैतान ने कहा: सुधरवानी हो तो खुद सुधरवा लो, हमको नहीं पड़ी कुछ। तुमको हो डर दीवाल के टूटने से हमें क्या डर! अरे दीवाल टूट जाए टूट जाए; हमारे लोगों को और थोड़ा फुटबॅाल खेलने, हाकी खेलने, वालीबॅाल खेलने के लिए स्थान मिल जाएगा।
परमात्मा को क्रोध आ गया। परमात्मा ने कहा कि देखो मैं मामला अदालत में ले जाऊंगा।
शैतान ने कहा: ले जाओ जहां ले जाना है, वकील कहां पाओगे? सब वकील तो मेरी तरफ हैं।
प्रश्न पर प्रश्न उठेंगे। समाधान और बात है। और समाधान का एक ही उपाय है..प्रश्न का उत्तर नहीं, प्रश्न का गिर जाना। प्रश्न का ऐसा व्यर्थ हो जाना, जैसे सूखा पत्ता वृक्ष से गिर जाए।
और यही हुआ महादेव प्रसाद, शुभ हुआ।
तुम कहते हो: ‘वर्षों से एक प्रश्न बार-बार मेरे मन में उठ रहा था। सोचा था आपसे प्रश्न का समाधान मिल जाएगा।’
सोचा ही नहीं था, समाधान मिल गया! लेकिन तुम समाधान को उत्तर का पर्यायवाची समझते हो, यही तुम्हारी भूल है। उत्तर समाधान नहीं है और समाधान कोई उत्तर नहीं होता। अभी तुम्हें समझना पड़ेगा यह भेद। प्रश्न तो तुमने पूछा नहीं, उत्तर मैंने दिया नहीं; लेकिन समाधान हो गया है। प्रश्न है कहां?
तुम स्वयं कहते हो: ‘किंतु यहां आकर मेरा प्रश्न तो क्या, मैं ही खो गया हूं, ऐसा क्यों? ’
प्रश्न खो जाए, यही समाधान है। और अगर प्रश्नकर्ता भी खो जाए, तो समाधि बहुत दूर नहीं। समाधि और समाधान एक ही शब्द से निकले हैं। समाधान शुरुआत है समाधि की; बीज है समाधि का। अभी एक प्रश्न खोया; कोई और प्रश्न पड़े होंगे दबे, वे उभरेंगे, वे भी खो जाएं। अगर सारे प्रश्न खो जाएं तो मन खो जाएगा, क्योंकि मन जीता है प्रश्नों के सहारे। मन है ही तभी तक जब तक प्रश्न हैं। जब कोई भी प्रश्न नहीं बचता तो मन मर जाता है। और जहां मन नहीं है वहां समाधि। जहां अमनी दशा है..कबीर के शब्दों में अमनी दशा..बस वहीं समाधान है, वहीं समाधि है। और जहां समाधि है वहां सत्य है, वहां परमात्मा है। और वहां जो है वह अनुभव है।
तुम प्रश्न पूछो, मैं उत्तर दे दूं। तुमने कुछ शब्द कहे, मैंने कुछ शब्द कहे। शायद तुम्हें मेरे शब्द जम जाएं, जंच जाएं या न जंचें। न जंचें तो तुमने कहा, कि मेरे प्रश्न का उत्तर नहीं मिला; जंच गए तो तुमने कहा, कि मेरे प्रश्न का उत्तर मिल गया। लेकिन ये सब बातें मानसिक हैं। फिर तुम मेरे शब्दों पर विचार करोगे, उसमें से कुछ न कुछ प्रश्न निकल आएंगे, क्योंकि तुम्हारी चित्त दशा तो वही की वही है। जिससे पहला प्रश्न पैदा हुआ था, चित्त तो वहीं का वहीं है, वह नया प्रश्न पूछ लेगा।
तुम छोटे बच्चों को साथ लेकर कभी सुबह घूमने निकले हो? बस चित्त की दशा वैसी ही है। वे पूछे ही चले जाते हैं। ‘कुत्ते की पूछ सीधी क्यों नहीं? ’ अब उनको उत्तर दो! किसी तरह सिर पचा कर तुम उनको समझा-बुझा कर आगे बढ़े, वे पूछने लगे कि वृक्ष के पत्ते हरे क्यों हैं? तुम यह मत सोचना कि तुम इसका उत्तर दे दोगे तो हल हो जाएगा, कि क्लोरोफिल के कारण। असल में तुम्हारा उत्तर सुन कौन रहा है! तुम जब उत्तर दे रहे हो तब बच्चा नया प्रश्न तैयार कर रहा है। तुम्हारा उत्तर खतम नहीं हुआ कि उसने नया प्रश्न पूछा। तुम उत्तर न भी दो तो भी वह नया प्रश्न पूछेगा, तुम उत्तर दो तो भी नया प्रश्न पूछेगा। उसकी जिज्ञासा छलांगें भर रही है, कुलांचें भर रही है।
मन हमेशा बचकाना है। वह पूछता ही चला जाता है। कुछ भी पूछता चला जाता है!
अब एक मित्र ने पूछा है कि मैं यहां आया तो मैंने सपना देखा कि एक भैंस ने मेरे पिता जी को मार डाला! ...अब इसका उत्तर चाहिए! अब कहां की भैंस...और भैंसों का क्या भरोसा! तुम बच कर आ गए, यही बहुत। और पिता जी को तो जाना ही था, जाते ही कभी न कभी। अब भैंस ले गई या क्या...होगी यमदूत की भैंस। पहले से ही शास्त्रों में लिखा हुआ है कि यमदूत भैंस पर बैठ कर आते हैं। ...वह भी सपने में।
मगर नहीं, लोग हैं। अगर तुम किसी मनोवैज्ञानिक से पूछो तो वह कुछ न कुछ उत्तर निकाल लेगा। मनोवैज्ञानिक का सारा धंधा यही है कि तुम्हारे सपनों की व्याख्या करे। मगर एक ही मनोवैज्ञानिक के पास जाना; अगर तुम चार-छह के पास गए तो बड़े संदेह पैदा हो जाएंगे, क्योंकि चार-छह व्याख्याएं होंगी। अगर फ्रायड को मानने वाला मनोवैज्ञानिक है तो वह एक व्याख्या करेगा; जंुग को मानने वाला दूसरी; एडलर को मानने वाला तीसरी और फिर असागोली को मानने वाला चैथी। और न मालूम कितने मनोवैज्ञानिक स्कूल हैं दुनिया में इस समय! वे सब अलग-अलग व्याख्या करेंगे और ऐसी-ऐसी व्याख्याएं करेंगे कि तुम भी दंग रह जाओगे कि हद हो गई; भैंस में भी ऐसे राज छिपे थे! हम तो सोचते थे कि भैंस यानी भैंस! छोटे बच्चे पूछते हैं, अक्ल बड़ी कि भैंस? छोटे बच्चों को तो लगता है भैंस ही बड़ी है। और अगर मनोवैज्ञानिक की व्याख्याएं देखी, तो तुम्हें भी लगेगा कि भैंस ही बड़ी है।
और एक ही उन्होंने प्रश्न नहीं पूछा है, और भी कई तरह के सपने उनको आए..कि उनकी पत्नी किसी और पुरुष के साथ सो रही है, इसका क्या अर्थ?
भैया, अपनी पत्नी से पूछो! ...वह भी सपने में भी न सोने दोगे! ...और सपना भी तुम्हारा, पत्नी का नहीं! पत्नी भी अपने सपने में किसी के साथ सो रही हो तो चलो थोड़ा-बहुत कसूर कर रही है, तुम्हारे सपने में सो रही है। अपने से ही पूछो कि मामला क्या है!
उनका प्रश्न पढ़ कर मुझे याद आया, इजिप्त का एक सम्राट हुआ। उसने डुंडी पिटवा दी थी पूरे देश में कि मेरे सपने में कोई कभी न आए, क्योंकि मैं नहीं चाहता कि मेरी नींद कोई खराब करे। अब यह बड़ी मुसीबत की बात हो गई, लोग बड़े डरे। वह आदमी बड़ा झंझटी था। अब कोई उसके सपने में न आए, इसमें किसी का क्या वश! और कई आदमी फंस गए इसकी झंझट में। कभी वजीर उसके सपने में आ गया, उसने कोड़े लगवा दिए, कि तू आया तो आया क्यों? सपना उसका, मगर वजीर बेचारा करे तो क्या करे? छोटे-मोटे आदमियों को तो उसने फांसी पर चढ़वा दिया कि दुष्टो, न दिन में सोने देते न रात में! तुम्हें हक क्या है किसी के सपने में प्रवेश करने का?
अब उनकी पत्नी किसी के साथ सो रही है! सोने भी दो, तुम्हें कुछ और धंधा नहीं है? होशियार आदमी ऐसी बातें नहीं करते।
मुल्ला नसरुद्दीन एक दिन घर आया। उसके छोटे लड़के ने कहा कि पिता जी, पिता जी, अलमारी में भूत खड़ा है! ऐसे तो नसरुद्दीन ने भी देख लिया था। किसी का छाता बाहर रखा है। जूते बाहर रखे हैं। कोई आदमी भीतर है। खिड़की से झांक कर भी देख लिया था कि पत्नी किसी के साथ बिस्तर पर सो रही है। मगर थोड़ी खटर-पटर की, खांसा-खखारा। होशियार आदमी होशियारी से चलते हैं। अरे अब इसमें झंझट लेनी! मगर उस बेटे ने जब कह ही दिया तो जाना पड़ा। जाकर दरवाजा खोला, तो देख कर हैरान हुआ, उसका ही परिचित मित्र..वही चंदूलाल लोहेवाला! मुल्ला ने कहा: चंदूलाल, हद हो गई! अरे किसी के बच्चों को डराने के लिए भरी दुपहरी में काम-धाम छोड़ कर अलमारी में खड़े हो! शर्म नहीं आती? निकलो बाहर!
 जब बाहर ले गया, तब बाहर जाकर कहा कि भई एक बात पूछनी है चंदूलाल। खैर मुझे तो सोना पड़ता है पत्नी के साथ, क्योंकि मेरी पत्नी है, अब क्या करना; तू क्यों सो रहा था रे मूर्ख? तुझे क्या हो गया? तेरी बुद्धि मारी गई? ठीक है, अब हमारा तो विवाह हुआ सो हमें तो जो मुसीबत झेलनी है सो झेलेंगे, अपना-अपना भाग्य! मगर तुझे क्या हुआ, यह देख कर मैं चकित हूं!
लेकिन तुम्हारे सपने में पत्नी किसी के साथ सो रही थी! इन प्रश्नों के उत्तर चाहते हो, इन प्रश्नों के उत्तर मिलने से क्या होगा? कौन सी आध्यात्मिक क्रांति होगी? जरूर तुम्हारे मन में शक होगा। सीधी सी तो बातें हैं, पत्नी पर शक होगा तुम्हारे मन में कहीं न कहीं। किस पति को नहीं है! किस पत्नी को अपने पति पर शक नहीं है! पति-पत्नी का नाता ही शक का नाता है। शक न हो, यह करीब-करीब असंभव। पत्नी आते से ही पहले जांच-परख करती है नीचे से ऊपर तक, कोट इत्यादि देखती है कि कोई बड़ा बाल वगैरह तो नहीं है? खीसे वगैरह में देखती है कि कोई चिट्ठी-पत्री तो नहीं है? फोन आता है तो एकदम झट से उठा लेती है कि मामला क्या है?
मुल्ला नसरुद्दीन एक रात कह रहा होगा..कमला, कमला! पत्नियां रात में भी सोती नहीं, उसने उसी वक्त उठाया, कहा: किस कमला की याद कर रहे हो, कौन कमला? मगर पति नींद में भी होशियार रहते हैं। कहा: अरे यह कुछ नहीं, यह रेसकोर्स की एक घोड़ी का नाम है। मगर ऐसे तुम किसी पत्नी को इतनी आसानी से हल नहीं कर सकते। ठीक, पत्नी ने कहा, ठीक है, देखेंगे। दूसरे दिन सुबह-सुबह ही फोन आया। मुल्ला उठे, इसके पहले पत्नी उठ गई।
मुल्ला ने पूछा कि किसका फोन है? कहा: कोई किसी का नहीं..वही रेसकोर्स की घोड़ी ने फोन किया! कहा है कि शाम प्लाजा टाकीज में मिल जाना।
संदेह होगा तुम्हारे मन में, सो पत्नी दूसरे के साथ सोई दिखाई पड़ रही है।
मौत का भय होगा। शायद पिता जी बूढ़े होने लगे होंगे, उनकी मौत की छाया तुम पर पड़ने लगी होगी, डर लगने लगा होगा। सुनी हुई बचपन की कहानियां कि यमदूत भैंस पर सवार होकर आते हैं, तो भैंस दिखाई पड़ गई होगी। वह तो भला हो यमदूत का कि वे नहीं दिखाई पड़े, नहीं तो उसका भी उत्तर मुझे देना पड़ता।
व्यर्थ की बातों के न तो उत्तर चाहो, न व्यर्थ की बातों के प्रश्न उठाओ। निन्यानबे प्रतिशत प्रश्न तो तुम्हारे व्यर्थ हैं, वे तो काट ही दो। सार्थक प्रश्न तो बहुत थोड़े से हैं। और जो सार्थक प्रश्न ही बच रहें, तो यहां मेरे पास बैठो; जो मैं कह रहा हूं उसे सुनो; जो मैं हूं उसे अनुभव करो; जो यहां घटित हो रहा है, उसे पीओ..प्रश्न मिट जाएंगे। असली प्रश्न बचा लो, पहला काम; नकली छांट दो, कूड़ा-करकट छांट दो। जिनका उत्तर भी मिल जाएगा तो कोई लाभ नहीं होने वाला, वह प्रश्न काट दो। बचकानी जिज्ञासाएं यहां मत लाओ। बचा लो उतने ही जितने सार्थक हैं। और तब सार्थक का गिर जाना बड़ा आसान है। और जब सार्थक कोई प्रश्न गिर जाता है तो समाधान उपलब्ध होता है। जिस दिन तुम्हारे सब सार्थक प्रश्न विदा हो जाएंगे, चित्त प्रश्न-शून्य हो जाएगा, उसी दिन समाधि फलित हो जाएगी। और समाधि में ही सत्य का अनुभव है। समाधि दर्पण है, जिसमें सारा अस्तित्व झलक आता है।
अच्छा हुआ महादेव प्रसाद, तुम्हारा प्रश्न गिर गया। और उससे भी अच्छा यह हो रहा है कि प्रश्न ही नहीं खो गया, तुम कहते हो मैं भी खो गया हूं! शुभ घड़ी है। बचाना मत अपने को, जरा भी मत बचाना। डूब ही जाओ, मिट ही जाओ! क्योंकि जो मिट जाता है वही परमात्मा को पाने का अधिकारी है। जो शून्य हो जाता है, वह पूर्ण के अवतरण के लिए अवसर देता है। इधर मैं मिटा उधर परमात्मा का अवतरण हुआ। तुम गए कि परमात्मा आया। जब तक तुम हो तब तक परमात्मा नहीं हो सकता।
कबीर ने कहा है: प्रेमगली अति सांकरी, तामें दो न समाए।

तीसरा प्रश्नः ओशो, क्या तृष्णा-रहित जीवन ही भगवत्ता है? साथ ही आपसे जो सुख मिला है, उसके लिए धन्यवाद देता हूं।

किरण सत्यार्थी! तृष्णा-रहित जीवन ही भगवत्ता है। भगवान कहीं भी नहीं हैं..व्यक्ति की तरह। भगवान को व्यक्ति की तरह देख कर ही हमारी भ्रांतियों का जाल फैल गया। मंदिर उठे, मस्जिद बने। गिरजे उठे, गुरुद्वारे बने। परमात्मा को व्यक्ति मान कर ही पूजा, अर्चना के जाल फैले। यज्ञ-हवन, पंडित-पुरोहित, मौलवी, पादरी...एक जाल खड़ा हो गया, एक अनंत जाल खड़ा हो गया! बजाय इसके कि धर्म मनुष्य की मुक्ति बनता; धर्म मनुष्य के लिए बेड़ियां और जंजीरें बन गया; धर्म मनुष्य के लिए कारागृह बन गया। और इस सबके पीछे जो बुनियादी भ्रांति हो गई, वह यहां से हुई कि भगवान को हमने व्यक्ति मान लिया। भगवान व्यक्ति नहीं है।
भगवान नहीं है..भगवत्ता है! भगवत्ता गुण है; व्यक्ति नहीं। इसलिए पूजा का सवाल नहीं है; अनुभव का सवाल है। इसलिए प्रार्थना काम नहीं आएगी; ध्यान काम आएगा। प्रार्थना तो परमात्मा व्यक्ति हो तो कुछ अर्थ रखती है। लेकिन परमात्मा अगर व्यक्ति नहीं है; अस्तित्व पर फैले हुए जीवन का नाम है; अस्तित्व के सौंदर्य का नाम है; अस्तित्व की गरिमा और गौरव का नाम है; अस्तित्व का ही नाम परमात्मा है..अगर ऐसा है तो फिर प्रार्थना काम नहीं आएगी; फिर प्रार्थना व्यर्थ हो गई, फिर ध्यान काम आएगा।
यही भेद है वास्तविक धर्म में और थोथे धर्म में। थोथा धर्म हाथ जोड़ कर परमात्मा की प्रतिमा बनाता है। खुद की ही बनाई हुई प्रतिमाएं हैं और उनकी ही पूजा करता है। जरा खेल तो देखो, बूढ़ों के खेल, बच्चों से गए-बीते! अपने ही हाथ से बना लिए गणेश जी और होने लगी पूजा, सज गया थाल, दीये जल गए, फूल की मालाएं चढ़ गईं, भजन होने लगे। तुम कभी सोचते भी नहीं कि अपने ही हाथ से बना कर रख ली है यह प्रतिमा। अपने ही खिलौनों की पूजा कर रहे हो! अपने ही द्वारा बनाए गए खिलौनों के सामने घुटने टेक कर खड़े हो!
परमात्मा को तुम कैसे बना सकते हो? अगर बनाया भी हो किसी ने किसी को, तो परमात्मा ने तुम्हें बनाया होगा, तुम परमात्मा को नहीं बना सकते हो। फिर, परमात्मा को अगर व्यक्ति की तरह देखो, तो सवाल उठता है: कितने उसके हाथ, कितने उसके चेहरे, कितनी ऊंचाई, क्या रंग, क्या रूप? फिर सब उपद्रव खड़े हुए। फिर कवि की कल्पनाओं को विस्तार मिला। फिर कोई कहता है उसके हजार हाथ, क्योंकि दो हाथ से इतनी बड़ी पृथ्वी को, इतने बड़े विस्तार को, इतने चांद-तारों को कैसे सम्हालेगा? क्या तुम सोचते हो, हजार हाथों से सम्हल जाएंगे? हजार हाथ भी छोटे पड़ जाएंगे। फिर उसके तीन चेहरे बनाने पड़े। क्योंकि अगर एक ही चेहरा हो तो एक ही तरफ देख सके, तो सर्वज्ञाता न रह जाए। तीनों आयाम में देख सके। तो तीन चेहरे बनाए। किसी ने चार चेहरे बनाए, ताकि चारों दिशाओं में देख सके। किसी ने चार हाथ बनाए, ताकि चारों दिशाओं को सम्हाल सके। मगर ये सब मनुष्य की ही कल्पनाएं हैं; तुम्हारे ही विश्वास और फिर उनको रूप देने की चेष्टाएं। सब बचकानी हैं।
भगवान कोई व्यक्ति नहीं है। भगवत्ता! जितनी भी धर्म के जगत में गहन अनुभूतियां हुई हैं, उन सबका प्रमाण यही है, उन सबकी साक्षी यही है। शब्द की तरह उपयोग करते हो भगवान, ठीक है; मगर स्मरण रहे कि वस्तुतः स्थिति भगवत्ता की है, भगवान गुण है, व्यक्ति नहीं; दशा है, व्यक्ति नहीं।
इसलिए बुद्ध ने भगवान को नहीं माना, फिर भी हमने बुद्ध को भगवान कहा। पहले बड़ी पहेली मालूम पड़ती है। बुद्ध कहते हैं कोई भगवान नहीं है और बुद्ध को मानने वाले बुद्ध को ही भगवान कहते हैं! मगर पहली पहली नहीं है, अगर तुम इतनी बात समझ लो। बुद्ध ने कहा कोई भगवान नहीं..अर्थात कोई व्यक्ति नहीं जो सारे संसार को चला रहा हो। थक जाता कभी का, ऊब जाता कभी का। अरे सत्तर साल की जिंदगी में तुम्हीं सोचने लगते हो कि अब बस, मौत आ जाए तो अच्छा। कभी का मर गया होता, आत्महत्या कर ली होती। या ऐसा भागता कि फिर पीछे लौट कर नहीं देखता। आखिर एक सीमा होती है हर चीज की। इस उपद्रव को कब तक कोई व्यक्ति बरदाश्त कर सकता है! इस रुग्ण व्यवस्था को कब तक कौन सम्हाल सकता है! और किसलिए?
नहीं, भगवान कोई व्यक्ति नहीं है; जीवन का ही दूसरा नाम है; जीवंतता का दूसरा नाम है। इसलिए जब तुम परिपूर्ण रूप से जीवंत होते हो और तुम्हारे भीतर सब मौन हो जाता है, सब शांत हो जाता है, सब निर्विचार हो जाता है..तब जो सुगंध उठती है, तब जो अनुभूति होती है, उस अनुभूति का नाम, उस दिव्यता का नाम, उस भगवत्ता का नाम ही भगवान है।
इसलिए किरण, तुम ठीक कहते हो। ठीक तुमने पूछा है कि क्या तृष्णा-रहित जीवन ही भगवत्ता है? हां, जहां तृष्णा गई वहां दौड़ गई। मन है क्या? तृष्णा की दौड़। यह पा लूं, वह पा लूं। यह मिल जाए, वह मिल जाए। संसार की ही दौड़ समाप्त नहीं हो पाती कि परलोक की दौड़ शुरू हो जाती है। यहां भी पाना है, वहां भी पाना है। बटोरना है, बटोरते चले जाना है। मरते-मरते दम तक लोग बटोरते हैं और मरने के बाद भी बटोरते हैं। उसका भी आयोजन कर लेते हैं। परलोक में भी अभी से उन्होंने खाते खोल लिए हैं। दान करते हैं, यज्ञ करवाते हैं, मंदिर बनवाते हैं..सिर्फ इस आशा में कि परलोक में सुरक्षा रहेगी; कहने को रहेगा कि मैंने भी धर्म किया था, कि मैं हकदार हूं, परलोक के सुख पाने का। यह तृष्णा का ही विस्तार है।
तुम्हारा स्वर्ग क्या है? तृष्णा का विस्तार। तुम्हारा नरक क्या है? तुम्हारे भय का विस्तार। भय है, इसलिए तुमने नरक बना लिया। और लोभ है, इसलिए तुमने स्वर्ग बना लिया। न तो कहीं नरक है और न कहीं स्वर्ग है। और कहीं नरक और स्वर्ग हैं तो तुम्हारे भीतर हैं। नरक है तुम्हारी वह दशा, जब तुम तृष्णाओं ही तृष्णाओं में घिरे हो और तृष्णाएं तुम्हें खींच रही हैं चारों तरफ, तोड़े डालती हैं। विक्षुब्ध किए हैं तुम्हें, विक्षिप्त किए हैं तुम्हें। एक क्षण भी शांति का नहीं, विश्रांति का नहीं। एक क्षण मौन का नहीं, एक क्षण ऐसा नहीं जीवन में जिसको तुम विराम और विश्राम का क्षण कह सको।
जब तृष्णाओं की भीड़ में तुम घिरे हो तो तुम नरक में हो और जब तृष्णाएं शांत हो गईं, जब तुमने देख लिया कि सब तृष्णाएं दुष्पूर हैं; लाख करो उपाय, कोई तृष्णा भरती नहीं; लाख धन पा लो, और धन पाने की आकांक्षा बनी रहती है; और कितने ही बड़े पद पर पहुंच जाओ, और बड़े पद पर पहुंचने की दौड़ बनी रहती है। और जीवन इतना जटिल है कि एक चीज में तुम पा लो तो और हजार चीजों में तुम गरीब रह जाते हो।
समझ लो कि तुमने बहुत धन कमा लिया। ठीक, एक दिशा में तुमने बहुत धन कमा लिया। यह भी हो सकता है कि तुम दुनिया के सबसे बड़े धनी हो जाओ। लेकिन, चूंकि तुम्हारी सारी ऊर्जा धन को कमाने में लग गई, इसलिए बहुत सी चीजों में तुम अधूरे रह जाओगे। तुम्हारा स्वास्थ्य वैसा नहीं होगा जैसा अनेकों का होगा; जिन्होंने स्वास्थ्य पर ही ध्यान दिया है। उनकी देह को देखोगे, उनके बल को देखोगे, उनकी बलिष्ठता देखोगे, उनका शरीर सौष्ठव-सौंदर्य देखोगे..ईष्र्या से जल-भुन जाओगे। क्या हुआ, धन पाकर क्या हुआ? और किसी ने अपना सारा जीवन ज्ञान के बटोरने में लगाया है। जब उसके पांडित्य को देखोगे, तब फिर आग दहक उठेगी कि तुम तो मूढ़ के मूढ़ ही रह गए। फिर यहां जीवन में कितने आयाम हैं। एक में तुम दौड़ कर सफल भी हो जाओ, तो बाकी सब में तुम असफल हो गए। उनकी पीड़ा सालेगी, चुभेगी। और जिसमें तुम सफल हो गए हो, उसमें भी ‘और’ की दौड़ बंद नहीं होती।
एण्ड्रू कारनेगी मरा, दस अरब रुपये छोड़ कर मरा, लेकिन मरते वक्त भी ‘और’ की दौड़ कायम थी। मरते वक्त भी उससे किसी ने पूछा कि हे एंडरू कारनेगी, तुम्हें तो कम से कम निशिं्चत, आनंदपूर्वक मरना चाहिए, कि तुमने जीवन में एक महान कार्य करके दिखाया। दस अरब रुपये एक गरीब घर में पैदा होकर तुमने इकट्ठे किए।
एण्ड्रू कारनेगी ने आंख खोली और कहा कि क्षमा करो, मैं सुख से नहीं मर सकता हूं, क्योंकि मेरे इरादे सौ अरब रुपये कमाने के थे। मैं नब्बे अरब रुपयों से गरीब हूं।
दस अरब रुपयों से अमीर नहीं है वह; नब्बे अरब रुपयों से गरीब है। तुम्हें उसकी अमीरी दिखाई पड़ रही है; उसे बेचारे को अपनी गरीबी दिखाई पड़ रही है। वह हार गया है।
निजाम हैदराबाद दुनिया के सबसे बड़े अमीर समझे जाते थे। इतने हीरे-जवाहरात उनके पास थे कि उनकी गिनती नहीं की जा सकती थी, इसलिए उनको तराजू पर तौला जाता था। सेरों से तौल कर रखे जाते थे, क्योंकि गोलकुंडा की खदान, जिससे कोहिनूर जैसा हीरा निकला..वह भी कभी निजाम हैदराबाद का ही हीरा था..उस खदान से जितने भी अच्छे हीरे निकलते, पहले निजाम के पास आते, फिर बाजार में जाते। वह अच्छे-अच्छे हीरे खुद चुन लेता। इतने हीरे थे कि उन सारे हीरों को एक साल में निकाला जाता था धूप दिखाने के लिए। तो सात छतें उसके महल की भर जाती थीं। अकूत खजाना था। कोई हिसाब नहीं था कि उन हीरों के कितने दाम हैं।
लेकिन निजाम हैदराबाद की हालत तुम समझते हो! तीस साल एक ही टोपी पहने रहा! उससे बदबू आती थी, उसको धुलवाता भी नहीं था, क्योंकि धोने में खराब हो जाएगी। एक ही कोट पहने रहा। लोग कहते भीः कभी जवानी में बना था, अब आप बूढ़े हो गए, शरीर दुबला हो गया, यह बिल्कुल ढीला लगता है, किसी और का लगता है। निजाम हैदराबाद कहता: क्या फर्क पड़ता है! दुनिया जानती है कि मैं निजाम हूं हैदराबाद का। मैं चाहे चुस्त कोट पहनूं, चाहे ढीला कोट पहनूं क्या फर्क पड़ता है? मगर फर्क सिर्फ सौ पचास रुपये का, वह भी खर्च नहीं कर सकता था वह। तुम जान कर हैरान होओगे कि मेहमानों को सिगरेट पिलाता था तो उसकी छाती जलती थी; मेहमान सिगरेट पीते थे, छाती उसकी जलती थी। और जैसे ही मेहमान जाते थे; जो पहला काम वह करता था, ऐशट्रे में से उनकी जो अधजली सिगरेट के टुकड़े थे, वे इकट्ठे कर लेता था, वे खुद पीता था। तुमने इससे ज्यादा दरिद्र आदमी दुनिया में देखा? भिखमंगा भी यह न करे। भिखमंगा भी सड़क पर पड़े हुए टुकड़े न उठाए। निजाम हैदराबाद जैसा धनपति और सिगरेट के टुकड़े दूसरों के झूठे टुकड़े उठा कर पीए! भयंकर लोभी!
उसके पास एक बहुत बड़ा हीरा था, जो वह टेबल पर पेपरवेट की तरह उपयोग करता था। जब मरा तो वह हीरा नहीं मिला एकदम, लोग बड़े हैरान हुए कि मामला क्या है, हीरा गया कहां? क्या ले गया निजाम हैदराबाद अपने साथ? बहुत खोजा, वह मिला ही नहीं। आखिर में मिला तो कहां मिला! निजाम हैदराबाद ने अपने जूते में छिपा रखा था। मरते वक्त भी फिकर रही होगी उसको इस हीरे की, कि कोई इसको चुरा-चुरू न ले। जूते में कौन खोजेगा! उसने जूते के अंदर उसको छिपा कर रख दिया था अपने बिस्तर के नीचे। जूते उसके इतने गंदे थे, उनको सुधरवाता रहता था। उसने थेगड़े लगवा लिए थे। और यह आदमी दुनिया का सबसे बड़ा धनपति था।
इधर लोभ और भय का भी कोई अंत नहीं था, इतना ही भय भी था। लोभी में अक्सर भय भी होता है। भय और लोभ एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। वह भयभीत इतना था कि रात उसे भूतों का बहुत डर लगता था। सच तो यह है कि जहां तक मैं जानता हूं, भूत उससे डरते थे। ऐसे आदमी से भूत न डरें तो क्या हो। समझ लो कि भूत सिगरेट पी रहा है, वह छीन ही ले। मगर वह भूतों से डरता था। किसी उस्ताद ने उसको बता दिया था कि भूतों से बचने का एक ही उपाय है। तो वह उपाय करता था, वह उपाय उसको सोने नहीं देता था। वह उपाय अजीब था। इस दुनिया में एक से एक ज्ञानी पड़े हैं! मूढ़ों का अंत नहीं है, इसलिए ज्ञानियों का अंत नहीं है। मूढ़ों को चाहिए महामूढ़, तब तो वे उनको गुरु मानें। उसने बताया था कि तरकीब एक ही है भूतों से बचने की और वह यह है कि रात जब सोओ तो एक लोटे में नमक भर कर, उसमें अपना पैर डाल दो। नमक पास रहे और तुम्हें छूता रहे, भूत पास नहीं आ सकता। नमक से भूत बहुत डरते हैं।
तो बेचारा एक बड़ा लोटा, उसमें नमक और उसमें एक पैर डाल कर और उसको पैर से बांध कर रात सोता था। अब ऐसे कहीं नींद आएगी! मगर नींद की कौन फिकर करे, बचना भूतों से है! ऐसा भयभीत, ऐसा लोभी..और सारा धन उसका! दुनिया का सबसे बड़ा धनी!
धन मिल जाए तो भी कुछ मिलता नहीं; ‘और’ की दौड़ कायम रहती है। और एक दिशा में मिलता है कुछ, तो बाकी दिशाओं में खो जाता है। इसलिए बेचैनी, विषाद बना ही रहता है।
इस दुनिया में इस सत्य को जो देख लेता है कि तृष्णा दुष्पूर है, भरती ही नहीं, भर सकती ही नहीं..वही व्यक्ति भगवत्ता को उपलब्ध हो जाता है। तृष्णा गिरी कि तुम भगवान हो। तृष्णा ने ही तुम्हें तुम्हारी भगवत्ता से नीचे उतार लिया है। तृष्णा की धूल जम गई है तुम्हारी भगवत्ता पर।
इसलिए महावीर, बुद्ध, कबीर, नानक..जो जागे हैं..उन्होंने एक ही बात समझाई है कि किसी तरह तृष्णा को समझ लो, देख लो और तृष्णा से मुक्त हो जाओ। अब यह मत सोचना कि संसार छोड़ कर भाग जाओगे तो तृष्णा से मुक्त हो जाओगे। तृष्णा से मुक्त होने के लिए खूब जागरूकता चाहिए, सघन ध्यान चाहिए; भगोड़ेपन से कुछ भी नहीं होगा। धन से नहीं मिटती तृष्णा; ध्यान से मिटती है। और धन के त्याग से भी नहीं मिटती तृष्णा; यद्यपि तृष्णा मिट जाए तो धन पर पकड़ छूट जाती है। मगर पकड़ का छूट जाना और त्यागने में बड़ा फर्क है। त्याग तो पकड़ ही है। जब तुम कहते हो कि मैंने त्याग दिया तो तुम यही कह रहे हो कि तुम मानते हो अभी भी कि वह तुम्हारा था, नहीं तो त्यागा क्या? अगर तुम जानते हो..खाली हाथ आए, खाली हाथ जाएंगे..तो त्यागोगे क्या? त्यागने को क्या है?
तो इस जगत में जो व्यक्ति समझ लेता है, वह चुपचाप, जो मिल जाए..झोपड़ा तो झोपड़ा और महल तो महल..उसका उपयोग करता है, लेकिन पकड़ता नहीं। आज महल मिल जाए तो महल ठीक; कुछ महल से घबड़ाता भी नहीं, कुछ महल से परेशान भी नहीं होता। और कल महल चला जाए तो पीछे लौट कर भी नहीं देखता है। कल झोपड़ा तो झोपड़ा सही। जिस व्यक्ति की तृष्णा गिर गई, वह कह सकता है कबीर के साथ..होनी होय सो होय! जो होना हो हो, मैं राजी हूं। उसकी कोई शर्त नहीं होती अस्तित्व के साथ कि यह शर्त पूरी होगी तो ही मैं प्रसन्न होऊंगा; वह बेशर्त प्रसन्न होता है।
और मेरी यही संन्यास की परिभाषा है..बेशर्त आनंदित। न तो भोग में आनंद है, न त्याग में आनंद है। आनंद है इस अनुभव में, कि यहां भोग भी गलत है, त्याग भी गलत है। यहां अपना कुछ है ही नहीं। उपयोग भर कर लो। सराय है यह, घर नहीं है। कुछ ने घर समझ कर पकड़ लिया है और कुछ ने घर समझ कर छोड़ दिया है। सराय समझ कर ठहरो और सुबह जब चलने का मौका आ जाए तो अलविदा। धीरे-धीरे तुम्हारी भगवत्ता निखर आएगी।
तुम उतने ही भगवान हो, जितने बुद्ध, जितने कृष्ण, जितने राम; रत्ती भर का भेद नहीं। अगर कुछ भेद है तो इतना ही कि उन्हें बोध है कि वे कौन हैं और तुम्हें बोध नहीं कि तुम कौन हो।

प्यार है विहंगों में
बार-बार जीने का,
बार-बार रंग, रूप, नेह, नीर पीने का,
बार-बार पक्षी का..
जन्म नया पाने का,
बार-बार गाने का..नीड़ के बनाने का।

प्यार है मनुष्यों में..
बार-बार जीने का,
बार-बार राग, रूप, गंध, धूप पीने का,
बार-बार पृथ्वी में..
जन्म नया पाने का,
बार-बार गाने का..गेह के बसाने का।

यही तृष्णा है! ..

बार-बार गाने का..गेह के बसाने का।
बार-बार गाने का..नीड़ के बनाने का।

सराय समझो। यहां कोई नीड़ नहीं, कोई गेह नहीं। और फिर बार-बार बसाने की क्या चिंता? फिर-फिर लौट आने की क्या आकांक्षा? मुक्त भाव से जीओ, जब तक हो जीओ।
जिसकी और पाने की दौड़ छूट गई, उसकी और आने की दौड़ भी समाप्त हो गई। यह तृष्णा ही है जो तुम्हें जन्मों-जन्मों में वापस ले आती है। यह तृष्णा ही है जो तुम्हें जन्म और मृत्यु के वर्तुल में घुमाती रहती है। तृष्णा गई कि तुम इस चक्र के बाहर हुए। और जो इस चक्र के बाहर है उसके आनंद का पारावार नहीं।

छाया मत छूना, मन
होगा दुख दूना, मन

जीवन में है सुरंग सुधियां सुहावनी
छवियों की चित्र-गंध फैली मनभावनी
तन सुगंध शेष रही बीत गई यामिनी
कुंतल के फूलों की याद बनी चांदनी

भूली-सी एक छुवन
बनता हर जीवित क्षण
छाया मत छूना, मन
होगा दुख दूना, मन

यश है न वैभव है, मान है न सरमाया
जितना ही दौड़ा तू उतना ही भरमाया
प्रभुता का शरण-बिंब केवल मृग-तृष्णा है
हर चांदेरा में छिपी एक रात कृष्णा है

जो है यथार्थ कठिन
उसका तू कर पूजन
छाया मत छूना, मन
होगा दुख दूना, मन

द्विविधता साहस है दिखता है पंथ नहीं
देह सुखी हो पर मन से दुख का अंत नहीं
दुख है न चांद खिला शरद रात आने पर
क्या हुआ जो खिला फूल रस-वसंत जाने पर

जो न मिला भूल उसे
करे तू भविष्य वरण
छाया मत छूना, मन
होगा दुख दूना, मन

जगत में छायाएं ही छायाएं हैं..धन की, पद की, प्रतिष्ठा की। इन छायाओं को पकड़ने को दौड़ोगे, कि दुख बढ़ेगा। पकड़ तो पाओगे नहीं, दुख बढ़ता है, बढ़ता ही रहेगा। जितने हारोगे उतनी ही तेजी से दौड़ोगे। जितना हारोगे उतनी और शक्ति इकट्ठी करके छायाओं को पकड़ना चाहोगे। और छायाएं पकड़ में आती नहीं। इसलिए जिन्होंने जाना, उन्होंने जगत को छाया कहा, माया कहा।
तृष्णा यानी छाया, तृष्णा यानी माया। और छाया और माया से जो जागा उस जागरण में ही भगवत्ता है।
और जब तक तुम तृष्णा में हो, तब तक तुम अपने को कुछ का कुछ समझते रहोगे, क्योंकि तृष्णा बाहर भटकाए रखती है। तृष्णा भीतर आने का समय नहीं देती, अवसर नहीं देती। तुम जान ही न सकोगे कि तुम कौन हो। मैं कौन हूं, यह प्रश्न, यह जिज्ञासा अनुत्तरित ही रह जाएगी। और यही एकमात्र प्रश्न है, जो सच्चा प्रश्न है। और यही एकमात्र प्रश्न है, जो सुलझ जाए तो जीवन की सब उलझन सुलझ जाती है, सब पहेलियां हल हो जाती हैं। और जिसने अपने को जाना नहीं, वह कुछ न कुछ मानता रहेगा। कोई मानता है मैं देह हूं, कोई मानता है मैं मन हूं, कोई मानता है मैं धन हूं।
तुमने देखा, कुछ लोगों का धन खो जाए, दिवाला निकल जाए, तो आत्महत्या ही कर लेते हैं। इसका अर्थ क्या हुआ? इसका अर्थ इतना ही हुआ कि उन्होंने धन को ही अपना जीवन मान रखा था। वह धन ही न रहा, तो अब जी कर क्या करोगे? किसी की पत्नी मर गई, उन्होंने जहर पी लिया। तो उन्होंने पत्नी में ही अपने प्राण रख दिए थे।
तुमने बच्चों की कहानियां पढ़ी होंगी। उन कहानियों में कोई राजा, कोई सम्राट अपने प्राण किसी पक्षी में रख देता है। कोई रख देता है तोते में, कौई मैना में। उस राजा को कितना ही मारो, वह नहीं मर सकता। लेकिन तोते की गर्दन मरोड़ दो कि राजा मर जाता है। वे कहानियां बड़ी अर्थपूर्ण हैं। यही हमारी दशा है। किसी ने धन में रख दिए अपने प्राण। इनको कितना ही मारो, ये न मरेंगे। इनका धन चला जाए कि बस ये गए। धन में ही इनका जीवन है। लोग कहते हैं कि धन का जो पागल है वह मर भी जाए तो गड़े धन पर सांप होकर बैठ जाता है। मरने की जरूरत ही नहीं, जिंदा में ही लोग सांप होकर बैठे रहते हैं।
तुम्हारा जहां मोह है, वहीं तुम्हारा प्राण है। जिनका राजनीति में मोह है, उनके प्राण दिल्ली में। वे रहें कहीं, तुम उनको कितना ही मारो, मार नहीं सकोगे। गोली आर-पार हो जाएगी, बेकार जाएगी। तुम्हें उनकी कुर्सी को छेदना पड़ेगा। अगर तुम उनकी कुर्सी मार दो, वे मारे गए। बस कुर्सी में ही प्राण हैं। जब तक कुर्सी पर लोग रहते हैं, देखते हो तुम, उनकी छाती कैसी फूली रहती है! उनकी चाल में क्या रंग होता है, क्या ढंग होता है! बूढ़े भी जवान मालूम होते हैं। कुर्सी चली गई जवान भी बूढ़े हो जाते हैं..एकदम लचर-पचर, कमर झुक जाती है! सारा बल ही गया। रीढ़ ही टूट गई।
लोग अपने को कुछ न कुछ माने हुए हैं। जिस चीज में तुम्हारी तृष्णा जुड़ी है, वही तुम हो जाते हो। तृष्णा तादात्म्य पैदा करती है, तादात्म्य से भ्रांति हो जाती है। सारी तृष्णाएं टूट जाएं तो तुम जान सकते हो कि मैं कौन हूं।
मुल्ला नसरुद्दीन को वहम हो गया था कि वह एक चूहा है। कुछ बुरा वहम नहीं। किसी को वहम हो जाता है राष्ट्रपति है, किसी को वहम हो जाता है प्रधानमंत्री है। उससे तो बेहतर। झगड़ा-झांसा तो नहीं है। न चुनाव लड़ने की झंझट, न किसी को परेशान करने की झंझट। बिल्कुल अहिंसात्मक तादात्म्य था उसका..चूहा! किसी की कोई स्पर्धा भी नहीं, कोई भाग-दौड़ भी नहीं। किसी का विरोध भी नहीं। घर के लोग, मित्र-गण, मोहल्ले-पड़ोस के आदमी परेशान। पहले तो समझे कि नसरुद्दीन मजाक करता है, फिर धीरे-धीरे जब समझ में आया कि मामला वाकई में गंभीर है, तो वे मुल्ला को पकड़ कर एक प्रसिद्ध मनोवैज्ञानिक के पास ले गए।
मनोवैज्ञानिक ने एक माह तक नसरुद्दीन का महंगा इलाज किया। जब मुल्ला का वहम पूर्णतः दूर हो गया, और वह पुनः अपने आप को मनुष्य मानने लगा, तब उसने फीस चुकाकर डाक्टर से विदा ली। वह डाक्टर के घर की सीढ़ियां उतर रहा था, तभी अचानक एक बिल्ली सामने से गुजर गई। मुल्ला चीख मार कर छलांग लगाता हुआ वापस सीढ़ियां चढ़ गया।
मनोवैज्ञानिक ने पूछा: क्यों मुल्ला, क्या बात है? घबड़ा क्यों रहे हो? नसरुद्दीन बोला: घबड़ाऊं नहीं तो क्या करूं! जान का खतरा था। अभी-अभी एक बिल्ली रास्ता काट गई। वह तो गनीमत है कि उसकी नजरें मुझ पर नहीं पड़ीं, वरना आज जिंदगी से हाथ धो बैठता।
कंधे पर हाथ रखते हुए मनोवैज्ञानिक ने कहा: नसरुद्दीन, क्या तुम फिर भूल गए कि तुम चूहा नहीं हो? अब तुम मानने लगे हो कि तुम मनुष्य हो?
मुल्ला बोला: आप बिल्कुल ठीक कहते हैं डाक्टर। मैं मानता हू कि मैं मनुष्य हूं, लेकिन बिल्ली को क्या मालूम? उसने थोड़े ही आपसे इलाज करवाया है!
लोगों को गौर से देखो..कोई अपने को धन मानता है, कोई अपने को पद मानता है, कोई तन मानता है, कोई मन मानता है। और स्वाभाविक क्योंकि जब तक तुम अपने को नहीं जानते, कुछ न कुछ तो मानोगे। और अपने को जानने की सुविधा कहां, अवकाश कहां! थोड़ा बाहर की आपा-धापी बंद हो, थोड़ी बाहर की दौड़ क्षीण हो, तो तुम भीतर मुड़ो। थोड़ा समय भीतर जाओ, तो अपने से पहचान हो आत्म-साक्षात्कार हो।
आत्म-साक्षात्कार का एक ही उपाय है: तृष्णा से मुक्ति। और आत्म-साक्षात्कार ही भगवत्ता का अनुभव है। वही बोध है, जहां उदघोष उठता है: अहं ब्रह्मास्मि! अनलहक!

आज इतना ही।  

Monday, December 16, 2019

होनी होय सो होय-(प्रवचन-01)

होनी होय सो होय-कबीर

पहला प्रवचन

मंगन से क्या मांगिए

सूत्र:


मोर फकिरवा मांगि जाय,
मैं तो देखहू न पौल्यौं।
मंगन से क्या मांगिए,
बिन मांगे जो देय।
कहैं कबीर मैं हौं वाही को,
होनी होय सो होय।

चली मैं खोज में पिय की। मिटी नहिं सोच यह जिय की।।
रहे नित पास ही मेरे। न पाऊं यार को हेरे।।
बिकल चहुं ओर को धाऊं। तबहु नहिं कंत को पाऊं।।
धरों केहि भांति सों धीरा। गयौ गिर हाथ से हीरा।।
कटी जब नैन की झाईं। लख्यौं तब गगन में साईं।।
कबीर शब्द कहि त्रासा। नयन में यार को वासा।।


तन-मन-धन बाजी लागी हो,
चैपड़ खेलूं पीव से रे, तन-मन बाजी लगाया।
हारी तो पिय की भई रे, जीती तो पिय मोर हो।
चैसरिया के खेल में रे, जुग्ग मिलन की आस।
नर्द अकेली रह गई रे, नहिं जीवन की आस हो।
चार बरन घर एक है रे, भांति भांति के लोग।
मनसा-बाचा कर्मना कोई, प्रीति निबाहो ओर हो।
लख चैरासी भरमत भरमत, पौ पे अटकी आय।
जो अबके पौ ना पड़ी रे, फिर चैरासी जाय हो।
कहै कबीर धर्मदास से रे, जीती बाजी मत हार।
अबके सुरत चढ़ाय दे रे, सोई सुहागिन नार हो।


संत तो हजारों हुए हैं, पर कबीर ऐसे हैं जैसे पूर्णिमा का चांद..अतुलनीय, अद्वितीय! जैसे अंधेरे में कोई अचानक दीया जला दे, ऐसा यह नाम है। जैसे मरुस्थल में कोई अचानक मरूद्यान प्रकट हो जाए, ऐसे अदभुत और प्यारे उनके गीत हैं!
मैं कबीर के शब्दों का अर्थ नहीं करूंगा। शब्द तो सीधे-सादे हैं। कबीर को तो पुनरुज्जीवित करना होगा। व्याख्या नहीं हो सकती उनकी, उन्हें पुनरुज्जीवन दिया जा सकता है। उन्हें अवसर दिया जा सकता है कि वे मुझसे बोल सकें।
तुम ऐसे ही सुनना जैसे यह कोई व्याख्या नहीं है; जैसे बीसवीं सदी की भाषा में, पुनर्जन्म है। जैसे कबीर का फिर आगमन है। और बुद्धि से मत सुनना। कबीर का कोई नाता बुद्धि से नहीं। कबीर तो दीवाने हैं। और दीवाने ही केवल उन्हें समझ पाए और दीवाने ही केवल समझ पा सकते हैं। कबीर मस्तिष्क से नहीं बोलते हैं। यह तो हृदय की वीणा की अनुगूंज है। और तुम्हारे हृदय के तार भी छू जाएं, तुम भी बज उठो, तो ही कबीर समझे जा सकते हैं। यह कोई शास्त्रीय, बौद्धिक आयोजन नहीं है। कबीर को पीना होता है, चुस्की-चुस्की। जैसे कोई शराब पीए! और डूबना होता है, भूलना होता है अपने को, मदमस्त होना होता है।
भाषा पर अटकोगे, चूकोगे; भाव पर जाओगे तो पहुंच जाओगे। भाषा तो कबीर की टूटी-फूटी है। बे-पढ़े-लिखे थे। लेकिन भाव अनूठे हैं, कि उपनिषद फीके पड़ें, कि गीता, कुरान और बाइबिल भी साथ खड़े होने की हिम्मत न जुटा पाएं।
भाव पर जाओगे तो...। भाषा पर अटकोगे तो कबीर साधारण मालूम होंगे। कबीर ने कहा भी..लिखालिखी की है नहीं, देखादेखी बात। नहीं पढ़ कर कह रहे हैं। देखा है आंखों से। जो नहीं देखा जा सकता उसे देखा है, और जो नहीं कहा जा सकता उसे कहने की कोशिश की है।
बहुत श्रद्धा से ही कबीर समझे जा सकते हैं। शंकराचार्य को समझना हो, श्रद्धा की ऐसी कोई जरूरत नहीं। शंकराचार्य का तर्क प्रबल है। नागार्जुन को समझना हो, श्रद्धा की क्या आवश्यकता! उनके प्रमाण, उनके विचार, उनके विचार की अदभुत तर्कसरणी..वह प्रभावित करेगी। कबीर के पास न तर्क है, न विचार है, न दर्शनशास्त्र है। शास्त्र से कबीर का क्या लेना-देना! कहा कबीर ने..मसि कागद छुओ नहीं। कभी छुआ ही नहीं जीवन में कागज, स्याही से कोई नाता ही नहीं बनाया। सीधी-सीधी अनुभूति है; अंगार है, राख नहीं। राख को तो तुम सम्हाल कर रख सकते हो। अंगार को सम्हालना हो तो श्रद्धा चाहिए, तो ही पी सकोगे यह आग।
कबीर आग हैं। और एक घूंट भी पी लो तो तुम्हारे भीतर भी..अग्नि भभक उठे..सोई अग्नि जन्मों-जन्मों की। तुम भी दीये बनो। तुम्हारे भीतर भी सूरज ऊगे। और ऐसा हो, तो ही समझना कि कबीर को समझा, ऐसा न हो तो समझना कि कबीर के शब्द पकड़े, शब्दों की व्याख्या की, शब्दों के अर्थ जाने; पर वह सब ऊपर-ऊपर का काम है। जैसे कोई जमीन को इंच दो इंच खोदे और सोचे कि कुआं हो गया। गहरा खोदना होगा। कंकड़-पत्थर आएंगे। कूड़ा-कचरा आएगा। मिट्टी हटानी होगी। धीरे-धीरे जलस्रोत के निकट पहुंचोगे।
ऐसी ही हम खुदाई आज शुरू करते हैं।

शब्द झरे अर्थ की लड़ी
अर्थ झरे
एक फूल, पांच रंग, सात पंखुड़ी।

एक दर्द धूप से भरा हुआ
माथ चूम कर मुझे जगा गया
टूटता हुआ प्रणाम शाम का
गांठ नई भोर की लगा गया
सिंधु तिरी प्यास की तरी
डूब गए
एक मंत्र, पांच दीप, सात अंजुरी।

एक वायु गंध से भरी हुई
अंग-अंग को परस गुजर गई
एक मूच्र्छना चढ़ी हुई शिखर
मंत्र-मुग्ध पांव तक उतर गई
गूंज से दिशा-दिशा भरी
रीत गए
एक गीत, पांच गान, सात बंसुरी।

तुम्हारे भीतर फूल झर जाएं, तो समझना कि कबीर को समझा। बांसुरी बज जाए, तो समझना कि कबीर को समझा। इंद्रधनुष प्रकट हो जाएं, तो समझना कि कबीर को समझा।

शब्द झरे अर्थ की लड़ी
अर्थ झरे
एक फूल, पांच रंग, सात पंखुड़ी।
एक दर्द धूप से भरा हुआ!

एक पीड़ा उठे! एक पीड़ा..प्रीति की, परमात्मा से विछोह की, आत्म-अज्ञान की। एक तीर चुभ जाए कि निकाले न निकले।

एक दर्द धूप से भरा हुआ
माथ चूम कर मुझे जगा गया

और वह पीड़ा तुम्हें जगा जाए, तो ही जानना कि कबीर को समझा।

टूटता हुआ प्रणाम शाम का
गांठ नई भोर की लगा गया

सुबह की तरफ यात्रा शुरू हो। सुबह की पुकार तुम्हारे प्राणों में गूंज उठे तो समझना कि कबीर को समझा।

सिंधु तिरी प्यास की तरी
डूब गए
एक मंत्र, पांच दीप, सात अंजुरी
एक वायु गंध से भरी हुई!

हां, ऐसे ही हैं कबीर..एक वायु गंध से भरी हुई! परमात्मा की सुगंध!

अंग-अंग को परस गुजर गई।

यहां सुनते-सुनते कबीर की गंध-भरी वायु तुम्हारे अंग-अंग को परस जाए, छू जाए। यह दरस-परस हो जाए तो ही जानना कि समझे।

एक वायु गंध से भरी हुई
अंग-अंग को परस गुजर गई
एक मूच्र्छना चढ़ी हुई शिखर
मंत्र-मुग्ध पांव तक उतर गई

और ऐसे पी लेना इस शराब को कि नख शिख सब डूब जाएं। कुछ अछूता न रहे, कुछ अनभीगा न रहे, सब भीग जाए, आद्र्र हो जाए..तो जानना कि कबीर को समझे।

गूंज से दिशा-दिशा भरी
रीत गए
एक गीत, पांच गान, सात बंसुरी।

बजने लगें स्वर पर स्वर, उठने लगें गीत पर गीत! एक अभिनव नृत्य तुम्हारे भीतर प्रारंभ हो जाए! एक महोत्सव का यह निमंत्रण है!
कबीर एक आमंत्रण हैं, एक पुकार, एक आवाहन! चल पड़ो तो समझोगे। किताब के पन्ने पलटते रहे, कुछ हाथ न लगेगा। किताबों में सिवाय राख के और कुछ भी नहीं। कुछ और हो भी नहीं सकता है। कुछ और की आशा भी नहीं करनी चाहिए।
गाते हैं कबीर..
मोर फकिरवा मांगि जाय,
मैं तो देखहू न पौल्यौं।
मंगन से क्या मांगिए,
बिन मांगे जो देय
कहै कबीर मैं हौं वाही को,
होनी होय सो होय।
कहते हैं: मैं फकीर हूं, मांगने जाता हूं, द्वार-द्वार भिक्षा का पात्र फैलाता हूं; लेकिन एक बड़ा चमत्कार देखा कि जो मिलता है वही फकीर है, सभी यहां मांगने वाले हैं! यहां देने वाला कौन? जब तक वासना है, तब तक भिखमंगापन है।
कबीर कहते हैं: मैं तो फकीर हूं, भिखमंगा हूं, द्वार-द्वार भिक्षापात्र फैलाता हूं; लेकिन चकित हुआ हूं यह जान कर कि हर घर में मैंने भिखमंगों को बैठे देखा, और दूसरा कोई दिखाई पड़ता ही नहीं! बड़े-बड़े भिखमंगे हैं, धनी भिखमंगे हैं, सम्राट भिखमंगे हैं; मगर हैं सब भिखमंगे।
जब तक वासना है तब तक भीख है। जब तक तुम कह रहे हो यह और मिल जाए, यह और मिल जाए, तब तक तुम मालिक नहीं हो। जब तक मांग शेष है तब तक मालकियत कैसी?
मोर फकिरवा मांगि जाय।
कबीर कहते हैं: मैं तो रहा फकीर, सो ठीक है कि मांगने जाता हूं। लेकिन सम्राटों के द्वार पर भी खड़े होकर, राज-सिंहासनों पर बैठे हुए लोगों को देखा और हैरान हुआ, समझ नहीं पाया इस पहेली को कि सभी फकीर हैं, सभी भिखमंगे हैं। यहां सभी मांगने में लगे हैं, तो फिर सोचा कि इनसे क्या मांगना! मंगन से क्या मांगिए! ये तो खुद ही भिखमंगे हैं बेचारे, ये तो खुद ही दया के पात्र हैं। इन्होंने तो खुद ही अपनी वासना के अदृश्य पात्र फैला रखे हैं। मेरा पात्र तो छोटा, मुट्ठी दो मुट्ठी से भर जाए। इनके पात्र ऐसे हैं, दुष्पूर, कि लाख भरो, नहीं भरते, खाली के खाली! साम्राज्य पी जाते हैं, लेकिन उनका खालीपन नहीं भरता। इनसे क्या मांगूं? इनसे मांगने में शर्म आती है। यह जान कर तुम्हें हैरानी होगी कि कबीर जीवन भर कपड़ा ही बुनते रहे और बेचते रहे; जुलाहे थे, अपना काम जारी रखा। उनके शिष्यों ने बहुत बार कहा कि हमें शर्म लगती है, हमें संकोच होता है, हमें लाज आती है, हमें लज्जा पकड़ती है, लोग हमें उलटी-सीधी बातें कहते हैं कि जिसके हजारों शिष्य हैं, हजारों भक्त हैं, उसको कपड़ा बुनना पड़ता है, बाजार बेचने जाना पड़ता है! तो आप यह बंद क्यों नहीं कर देते? हम तो देने को राजी हैं..जो चाहिए; जितना चाहिए उससे ज्यादा देने को राजी हैं। क्या कमी है!
लेकिन कबीर मुस्कुराते और अपना काम जारी रखा। मरते दम तक बुनते रहे कपड़ा, बेचते रहे कपड़ा। कारण यही था..
मोर फकिरवा मांगि जाय,
मैं तो देखहू न पौल्यौं।
मंगन से क्या मांगिए,
बिन मांगे जो देय।
कहै कबीर मैं हौं वाही को,
होनी होय सो होय।
कबीर कहते हैं कि इसीलिए नहीं। क्या मांगू? क्या तुम्हारे ऊपर निर्भर होऊं? तुम तो खुद ही भिखमंगे हो। तुम्हारी तो खुद ही आकांक्षाएं पूरी नहीं हुई हैं। इससे बेहतर यही है कि उससे ही मांग लूं, जो सबको देता है और जो बिन मांगे देता है।
क्योंकि मांगो तो मजा चला गया, मांग कर कुछ मिला तो मजा चला गया। बिन मांगे मिल जाए, तो सम्मान है, तो गौरव है, तो गरिमा है।
बिन मांगे जो देय।
यहां तो मांगे-मांगे भी कौन देता है और मांग-मांग कर भी अगर कोई दे तो लाख एहसान जताता है। देता भी है तो किन्हीं और कारणों से देता है, दिखावे के लिए देता है, अहंकार की तृप्ति के लिए देता है। दानी, महादानी समझा जाए, इसलिए देता है। और जहां दान के पीछे कुछ भी आकांक्षा है, वहां दान विकृत हो गया, विषाक्त हो गया। दान तो तभी दान है जब अकारण है। यहां तो तुम दो पैसे भी देते हो तो पात्रता का पता लगाते हो, योग्यता का पता लगाते हो। देते हो दो पैसे, दो पैसे देने के लिए कितना शोरगुल मचाते हो!
कबीर कहते हैं: ऐसे मांगने में मुझे रस नहीं। भिखमंगों से मांगने में मुझे खुद ही संकोच लगता है कि बेचारे वैसे ही दीन-हीन हैं और इनसे कुछ लेकर दो पैसे, इन्हें और दीन-हीन कर देना क्या उचित होगा?
सिकंदर जब भारत आया तो डायोजनीज से मिला..एक नंगे फकीर से। डायोजनीज से बहुत प्रभावित हुआ..और सिकंदर ने कहा: डायोजनीज, कुछ मांग लो। जो चाहिए हो वह मांग लो। डायोजनीज ने सिकंदर को नीचे से ऊपर तक देखा और कहा कि अभी तो तुम्हारी ही आकांक्षाओं का पात्र भरा नहीं, तुम मुझे क्या दोगे! तुमसे क्या मांगूं? फिर भी तुम्हें बुरा न लगे, फिर भी तुम्हारा अपमान न हो, फिर भी अशिष्टाचार न हो जाए, इसलिए इतना मांगता हूं कि जरा हट कर खड़े हो जाओ, क्योंकि मैं सुबह-सुबह सूरज की धूप ले रहा था और तुम बीच में आकर खड़े हो गए हो। इतना ही दे दो। और इतनी ही प्रार्थना करता हूं कि यही ख्याल रखना कि किसी व्यक्ति के और सूरज के बीच में खड़े मत होना। किसी की धूप मत छीनना, बस। इतना ही तुम कर सको तो बहुत है। वैसे तुम्हारे पास मैं कुछ देखता नहीं, जो मांगने योग्य हो। और तुम्हारी ऐसी दीन दशा देखता हूं कि हो भी तुम्हारे पास, तो भी मैं मांग न सकूंगा।
सिकंदर एक तरफ तो हतप्रभ हुआ, और एक तरफ चमत्कृत भी हुआ। पहली दफा जैसे किसी मनुष्य से मिलना हुआ था। नहीं था कुछ उसके पास, नंगा था यूं। लेकिन कैसी अलमस्ती थी! सिकंदर से भी कुछ न मांगा। सिकंदर को भी दिखा दिया..कि तुम भिखमंगे हो।
सूफी फकीर फरीद से उसके गांव के लोगों ने कहा कि अकबर तुम्हारे पास आता है, तुम उससे प्रार्थना करो कि गांव के लिए एक मदरसा बनवा दे। फरीद कभी अकबर से मिलने नहीं गया था। अकबर ही आता था जब उसे मिलना होता था। लेकिन जब कुछ मांगना हो तो जाना उचित है, ऐसा मान कर फरीद अकबर से मांगने गया। सुबह-सुबह जल्दी गया। काम-धाम में उलझ जाए अकबर, उससे पहले ही मिल आना ठीक है। पहुंचा महल, सम्मानपूर्वक उसे अंदर ले जाया गया। अकबर तब प्रार्थना कर रहा था, सुबह की नमाज पढ़ रहा था। फरीद पीछे खड़ा रहा। अकबर ने नमाज पूरी की, दोनों हाथ आकाश की तरफ फैलाए और परमात्मा से कहा हे प्रभु! मेरी धन-संपदा बढ़ा, मेरे राज्य को बढ़ा, मुझ पर कृपा कर!
फरीद उलटे पांव लौट पड़ा। अकबर उठा तो फरीद जाता हुआ दिखाई पड़ा। दौड़ कर पैर पकड़ लिए और कहा: आए, पहली दफा आए और बिना एक शब्द बोले लौटे चले जाते हो, बात क्या है? कुछ मुझसे भूल-चूक हो गई है? ’
फरीद ने कहा: नहीं, तुमसे कुछ भूल-चूक नहीं हुई, भूल-चूक मुझसे हो गई है। मैं भी कहां भिखमंगे से भीख मांगने आ गया! गांव के लोगों ने मुझसे बहुत बार कहा तो मैंने कहा चलो ठीक। वे कहते थे कि गांव में मदरसा खुलवा दो, एक स्कूल; उसी के लिए आया था लेकिन नहीं अब, अब नहीं मांगूंगा। तुम तो खुद ही अभी मांग रहे हो। तुम्हारी प्रार्थना तो अभी भिखमंगे की प्रार्थना है..और राज्य, और धन, और संपदा। नहीं, तुम्हें गरीब नहीं करूंगा। एक मदरसा खोलोगे तो कुछ पैसा तो लगेगा ही, उतना गरीब हो जाओगे। नहीं, मैं किसी को गरीब करने के लिए उत्सुक नहीं हूं। फिर रही बात मदरसे की तो गांव के लोगों से कह दूंगा कि हम उसी से ही क्यों न मांग लें जिससे अकबर खुद मांगता है। उसकी होगी मर्जी तो दे देगा; उसकी मर्जी नहीं होगी, तो उसकी मर्जी से ही राजी होना उचित है।’
कबीर कहते हैं: मंगन से क्या मांगिए!
मांगना ही हो, तो सम्राटों के सम्राट से मांगो, उस मालिक से मांगो..बिन मांगे जो देय! और उससे मांगना भी नहीं पड़ता। यही मजा है। भक्त और भगवान के बीच जो संवाद चलता है, अनूठा है। भक्त मांगता नहीं और भगवान बरसाए चला जाता है..प्रसाद पर प्रसाद! भक्त ने मांगा कि संवाद रुक जाता है। मांगा कि बात टूट गई। मांगा कि नाता छिन्न-भिन्न हो गया। सेतु गिर गया। क्योंकि मांगा तो तुमने यह बता दिया कि तुम्हें भगवान में उत्सुकता नहीं है; तुम्हारी उत्सुकता धन में है, पद में है, प्रतिष्ठा में है। भगवान तो केवल बहाना है। उसके माध्यम से मिल जाए धन, इसलिए भगवान की प्रार्थना भी कर रहे हो। लेकिन असली इच्छा धन की है। धन भगवान से बड़ा हो गया। भगवान साधन हो गया, धन साध्य हो गया।
जिसने मांगा उसने भगवान का अपमान किया। अगर तुम्हारी प्रार्थनाओं में मांग है तो तुम भगवान का अपमान कर रहे हो।
लोग मुझसे पूछते हैं कि हमारी प्रार्थनाएं पूरी क्यों नहीं होतीं?
तुम्हारी प्रार्थनाएं परमात्मा तक पहुंच ही नहीं सकतीं; वे प्रार्थनाएं नहीं हैं, अपमान हैं; स्तुति नहीं हैं, गालियां हैं। क्योंकि जब भी तुम कुछ मांगते हो तभी तुम यह कह रहे हो कि भगवान से भी बड़ी कोई चीज है, जिसके लिए हम भगवान को भी साधन बना रहे हैं। अगर शैतान दे सकता हो, तो हम शैतान की प्रार्थना करेंगे। कहते हैं कि भगवान देता है, तो भगवान की प्रार्थना करते हैं।
मैंने सुना है, मुल्ला नसरुद्दीन की अंतिम घड़ी आई। तो धर्मगुरु उसे आखिरी प्रार्थना करवाने आया। मुल्ला ने कहा कि अभी तो मैं प्रार्थना खुद कर सकता हूं। आप बैठें, विराजें! मैं प्रार्थना करता हूं। और उसने पहले तो परमात्मा से प्रार्थना की कि ‘हे प्रभु! मुझे बचाओ। ये मृत्यु के दूत द्वार पर आकर खड़े हो गए हैं। मेरी रक्षा करो। और फिर कहा कि हे शैतान, मुझे बचा! ये मृत्यु के दूत मेरे द्वार पर आकर खड़े हो गए हैं।
धर्मगुरु ने सुना कि वह शैतान से भी प्रार्थना कर रहा है! तो उसने कहा: नसरुद्दीन, तुम विक्षिप्त तो नहीं हो गए हो? मरते वक्त होश तो नहीं खो दिया है? ’
नसरुद्दीन ने कहा कि तुम मुझे समझाने की कोशिश मत करो। मर मैं रहा हूं कि तुम मर रहे हो? अब कौन जाने किसके हाथ में पड़ना पड़े! इसलिए दोनों से प्रार्थना कर लेनी उचित है। जिसके भी हाथ में पड़ गए उसी से कहेंगे कि भाई याद रखना, प्रार्थना तो की थी! इस आखिरी समय में यह झंझट मैं मोल नहीं ले सकता कि एक की प्रार्थना करूं और दूसरे को छोड़ दूं। अब पता नहीं किसके कब्जे में पड़ूंगा। और ज्यादा संभावना तो शैतान के कब्जे में ही पड़ने की है। इसलिए उसे भी राजी रखना उचित है।
तुम उसकी ही प्रार्थना करते हो जिसे तुम्हारी आकांक्षाएं पूरी हो सकें; फिर वह परमात्मा हो कि शैतान हो। तुम्हें न परमात्मा से प्रयोजन है न शैतान से; तुम्हें अपनी आकांक्षा से प्रयोजन है। इनका तो तुम उपयोग कर रहे हो।
इसलिए भक्त मांगता नहीं; बिन मांगे मिलता है, बहुत मिलता है, अकूत मिलता है! तौला नहीं जा सकता; इतना मिलता है। प्रसाद की सतत वर्षा होती रहती है। लेकिन बिन मांगे! मांगा कि तत्क्षण वर्षा बंद हो जाती है।
और तुमने तो जो प्रार्थना सीखी है, और तुम्हारे धर्मगुरुओं ने तुम्हें जो प्रार्थनाएं सिखाई हैं, वे सब मांगने की हैं। पानी न गिरे तो हवन, यज्ञ। तुम परमात्मा की याद ही तब करते हो जब तुम्हारी कोई जरूरत होती है; कोई काम अटक जाए तो खुशामद करने लगे। तुम्हारी प्रार्थना खुशामद से ज्यादा नहीं है। मजबूरी में करते हो। वह तुम्हारा आह्लाद नहीं है। तुम्हारा आनंद नहीं है। तुम्हारा उत्सव-गीत नहीं है। तुम्हारा धन्यवाद नहीं है। तुम्हारा आभार, अनुग्रह नहीं है। पानी नहीं गिरा तो यज्ञ-हवन शुरू, पंडित-पुरोहित शुरू। कोई अड़चन आई, बीमारी आई, तकलीफ आई..तो प्रार्थना।
एक छोटे से बच्चे से स्कूल में पूछा उसके अध्यापक ने कि बेटा, रात प्रार्थना करके सोते हो न? उसने कहा कि जरूर, रोज प्रार्थना करके सोता हूं।
और सुबह प्रार्थना करते हो कि नहीं? उस लड़के ने कहा: सुबह! सुबह किसलिए? रात तो अंधेरे में मुझे डर लगता है, इसलिए प्रार्थना करता हूं। सुबह तो रोशनी है, क्या मैं पागल हूं जो सुबह प्रार्थना करूं?
तुम्हारी प्रार्थनाएं भी उस लड़के की प्रार्थना से बहुत भिन्न नहीं हैं।
कल ही मैं एक पंडित के संबंध में पढ़ रहा था कि उसने अपने सोने के कमरे की दीवाल पर, सुंदर अक्षरों में श्रेष्ठतम प्रार्थनाएं लिख रखी थीं..सभी धर्मों की! सर्व-धर्म-समभाव में उसका भरोसा था। और रोज रात सोने के पहले कहता था: हे प्रभु! कृपा करके प्रार्थनाएं पढ़ लेना! और सो जाता था। होशियार आदमी, चालबाज आदमी! अब कौन झंझट रोज-रोज वही प्रार्थना दोहराने की करे! और फिर लिख तो दिया है। और परमात्मा के पास आंखें भी हैं और आशा की जाती है कि पढ़ा-लिखा भी होगा। ‘पढ़ लेना खुद ही’ इतनी ही प्रार्थना करता था; हे प्रभु! प्रार्थना पढ़ लेना।
हमारी प्रार्थनाएं हमारी वासनाओं का ही प्रक्षेपण हैं। और हमारी प्रार्थनाएं हमारे अज्ञान से आपूरित हैं। हमारी प्रार्थनाएं प्रार्थनाएं नहीं हैं, प्रार्थनाओं का धोखा है।
कबीर ठीक कहते हैं: बिन मांगे जो देय!
उस परमात्मा की तरफ झुक भर जाओ और उसके मेघ चले आते हैं, उसकी वर्षा शुरू हो जाती है।
स्मरण रहे कि जैसे जब वर्षा के मेघ आषाढ़ में उठते हैं, वर्षा के जल से भरे, तो बरसने को उतने ही आतुर होते हैं, जितनी पृथ्वी पीने को प्यासी होती है। पृथ्वी की प्यास, आतुरता और बादलों की बरसने की आकांक्षा..समान है। सिर्फ पृथ्वी ही प्यासी नहीं होती, बादल भी आतुर होते हैं बरसने को! यह स्वाभाविक है।
तुम सिर्फ अपने हृदय को खोल दो। परमात्मा उतना ही बरसने को आतुर है। उसके पास बाढ़ है आनंद की। वह तुम्हारी तरफ हजार-हजार धाराओं में, सहस्र धाराओं में बहना चाहता है। सच तो यह है कि वह रोज तुम्हारे चारों तरफ परिभ्रमण करता है। तुम तो कभी-कभी मंदिर में जाकर परिक्रमा कर आते हो..झूठी! तुम्हारा मंदिर झूठा, तुम्हारी परिक्रमा झूठी, क्योंकि तुम झूठे। तुम्हारा मंदिर तुम्हारा बनाया हुआ। तुम्हारे मंदिर के पंडित-पुजारी तुम्हारे नौकर। तुम्हारी प्रार्थनाएं इन्हीं नौकरों के द्वारा गढ़ी हुई प्रार्थनाएं हैं।
तुम अपनी प्रार्थना भी अपने हृदय से नहीं उठने देते! क्या फिकर कि प्रार्थना में सुंदर शब्द हों? फिकर होनी चाहिए कि प्रार्थना हृदय से जन्मी हो। क्या चिंता कि भाषा सौष्ठव हो, व्याकरण शुद्ध हो? चिंता होनी चाहिए एक कि हार्दिकता हो, सहजता हो, स्वस्फूर्त हो। तुतलाहट से भी काम चल जाएगा। सुंदर से सुंदर प्रार्थनाएं, गायत्री के मंत्र भी काम नहीं आएंगे; शुद्ध से शुद्ध उच्चारण भी साथ नहीं देगा। लेकिन अगर तुम्हारे प्राणों से ही उठा हुआ भाव है, फिर चाहे वह तुतलाहट जैसा ही क्यों न मालूम हो, टूटा-फूटा क्यों न हो..सार्थक है। इसलिए सार्थक है कि तुम्हें खोलता है।
परमात्मा तो तुम्हारी परिक्रमा कर ही रहा है। तुम्हें खुला हुआ पा जाए तो प्रवेश कर ले। तुम बिल्कुल बंद हो। तुमने द्वार-दरवाजे, खिड़की, सब बंद कर रखे हैं। तुमने रंध्र भी नहीं छोड़ी है उसके प्रकाश के प्रवेश के लिए। तुम ऐसे भयभीत हो..कि तुमने जीवन को एक कब्र बना लिया है।

भर देते हो
बार-बार, प्रिय, करुणा की किरणों से
क्षुब्ध हृदय को पुलकित कर देते हो।
भर देते हो!

मेरे अंतर में आते हो, देव, निरंतर,
कर जाते हो व्यथा-भार लघु
बार-बार कर-कंज बढ़ा कर;
भर देते हो! अंधकार में मेरा रोदन
सिक्त धरा के अंचल को
करता है क्षण-क्षण..

कुसुम-कपोलों पर वे लोल शिशिर-कण
तुम किरणों से अश्रु पोंछ लेते हो,
नव प्रभात जीवन में भर देते हो।
भर देते हो!

तुम जरा खिड़की तो खोलो, झरोखा तो खोलो हृदय का..और उसका सूरज सदा तुम तैयार पाओगे! उसका सूरज क्या कभी डूबता है? उसकी सुगंध सदा तुम्हारे चारों तरफ डोल रही है। अवसर तो दो, उसके बादल बरसने को आतुर हैं! मगर तुमने अपने हृदय की पृथ्वी को छिपा रखा है। प्यासे हो, पीड़ित हो। मगर गलत दिशाओं में खोज रहे हो। भिखमंगों से मांग रहे हो। और जो दे सकता है, बिन मांगे दे सकता है, उसकी तरफ आंख नहीं उठाते! झोली फैलाओ, मांगो मत!
कबीर कहते हैं: मैं तो उसी का हो गया।
कहै कबीर मैं हौं वाही को,
होनी होय सो होय।
और कबीर कहते हैं, अब मैं यह भी नहीं कहता कि ऐसा हो, वैसा हो; क्योंकि उसमें तो मांग आ जाएगी। फिर तो नियंता मैं, फिर तो परमात्मा पर मैंने शर्त लगा दी। फिर तो प्रार्थना में भी शर्तबंदी हो गई। फिर तो प्रार्थना भी सौदा हो गई। नहीं कोई शर्त, नहीं कोई आकांक्षा। ‘होनी होय सो होय!’ जो उसे करना हो, करे। वह जो करेगा, वही शुभ है। यह भक्त का भाव है।
अभक्त कहता है: ऐसा करो, ऐसा मत करना। ऐसा करोगे, तो ही मैं तुम्हें मानूंगा। ऐसा नहीं करोगे, तो मैं मानने वाला नहीं हूं।
एक मित्र मेरे पास आए। कोई पंद्रह वर्ष पहले की बात है। कहने लगे: मुझे ईश्वर पर भरोसा आ गया है। मैंने पूछा: कैसे भरोसा आया? किस कारण भरोसा आया? उन्होंने कहा कि मैंने अल्टीमेटम दे दिया था। अल्टीमेटम!
...कि अगर पंद्रह दिन में मेरे लड़के की नौकरी नहीं लगी, तो समझ लेना कि फिर कभी जीवन में न पूजा करूंगा, न कभी पाठ करूंगा। समझ लेना कि मान लूंगा कि तुम हो ही नहीं! यह सब पाखंड है, परमात्मा के नाम पर जालसाजों ने फैलाया है। कोई परमात्मा नहीं है। और ठीक पंद्रह दिन के भीतर लड़के को नौकरी मिल गई। अब तो पक्का भरोसा आ गया है कि परमात्मा है।
मैंने कहा कि अब तुम एक काम करना, अब दुबारा अल्टीमेटम मत देना, क्योंकि इस बार तो बात बन गई। लग गया सो तीर, नहीं लगता तो तुक्का हो जाता। संयोग की ही बात है, क्योंकि मुझे पक्का पता है कि परमात्मा ने तुम्हारे लड़के की नौकरी नहीं लगवाई है।
उन्होंने कहा: आप कैसे कह सकते हैं?
मैंने कहा: मैं भी प्रार्थना कर रहा हूं। मैं उसको जानता हूं। लड़के की नौकरी लग गई, यह संयोग की बात है। अब तुम दुबारा यह मत करना, नहीं तो तुम्हारा सब धर्म, तुम्हारी धार्मिकता, यह जो अहोभाव है, सब धूल-धूसरित हो जाएगा। और अगर तुम्हें परीक्षा करनी हो तो एक बार कोशिश कर लो। तुम्हारी पत्नी बहुत दिन से बीमार है, एक दफे और अल्टीमेटम दे दो।
और वही हुआ जो होना था, आखिर उन्होंने अल्टीमेटम दिया; जब एक दफा अल्टीमेटम सफल हो गया...। पत्नी ठीक नहीं हुई, उलटे मर गई। वे मेरे पास आए कि आपने ठीक कहा था। मेरी सारी श्रद्धा खंडित हो गई। मैंने तो कहा था बचाओ और मेरी पत्नी खतम ही कर दी! मेरी आस्तिकता अस्तव्यस्त हो गई है!
मैंने कहा: तुम्हारी आस्तिकता आस्तिकता थी ही नहीं। जो ऐसी सस्ती बातों पर टिकी हो, ऐसी आस्तिकता आस्तिकता होती है? ..मेरे लड़के को नौकरी मिल जाए, कि मेरी पत्नी की बीमारी ठीक हो जाए! इस तरह कहीं कोई आस्तिक होता है! इनको तुम आस्तिक कहते हो!
मगर लोगों का भी क्या कसूर! तुम्हारे धर्मशास्त्र भी इसी तरह की मूढ़ताओं से भरे हुए हैं। जिन वेदों को तुम इतना पूजते हो, कभी उनके पन्ने भी पलटो और तुम चकित हो जाओगे कि जिन ऋषि-महर्षियों का गुणगान करते तुम थकते नहीं, उनकी प्रार्थनाओं में क्या है? उनकी प्रार्थनाएं ऐसी अभद्र हैं, ऐसी क्षुद्र हैं, ऐसी ओछी हैं, कि ऋषि-मुनि तो क्या, साधारण-जन भी ऐसी प्रार्थना करने में झिझकता। कोई ऋषि प्रार्थना कर रहा है कि हे प्रभु, मेरे खेत में ज्यादा वर्षा हो और मेरे दुश्मन के खेत में ज्यादा वर्षा न हो! दोनों के खेत आस-पास होंगे। दुश्मन अक्सर पड़ोसी होता है। दुश्मन कोई बहुत दूर तो होते नहीं। दुश्मनी करने के लिए भी तो थोड़ी निकटता चाहिए। पड़ोसी और दुश्मन अक्सर एक ही आदमी का नाम होता है। इनके खेत में ज्यादा वर्षा और पड़ोसी के खेत में कम वर्षा! क्षुद्रता की भी हद होती है। कोई ऋषि प्रार्थना करता है कि हे प्रभु, मेरी गाय के थन में दूध बढ़ जाए और मेरे दुश्मनों की गाय के थन बिल्कुल सूख जाएं!
इनको तुम प्रार्थनाएं कहोगे!
वेदों में नब्बे प्रतिशत से ज्यादा इसी तरह का कचरा है। इसे कचरा कहो तो लोगों को दुख होता है। उनकी धार्मिक भावनाओं को चोट पहुंच गई! मगर मजबूरी है, कचरे को कचरा कहना ही होगा। अगर तुम्हारी धार्मिक भावनाओं को चोट पहुंचती है तो कृपा करके अपनी धार्मिक भावनाओं को जरा मजबूत बनाओ। मुझ पर न मालूम कितने मुकदमे लोग चला देते हैं। अभी किसी ने छपरा में, बिहार में...मैं न कभी छपरा गया...किसी ने मुकदमा चला दिया है कि उसकी धार्मिक भावनाओं को चोट पहुंच गई। समन्स आए हैं कि मुझे छपरा की अदालत में मौजूद होना चाहिए।
धार्मिक भावना को चोट पहुंच जाए, ऐसी लचर-पचर, नपुंसक धार्मिक भावना रखते ही क्यों हो? धार्मिक भावना में कुछ तो बल होना चाहिए। मगर इस तरह के आधारों पर खड़ी हुई धार्मिक भावना में कोई दम तो होती नहीं; जरा एक लंगड़ी मार दो, चारों खाने चित्त! धार्मिक भावना क्या है? पैर इत्यादि तो है ही नहीं, हो सकता है लकड़ी का पैर हो, शायद किसी संयोग में काम आ जाए लकड़ी का पैर लेकिन परमात्मा तक नहीं पहुंचा पाएगा। ये झूठे पैर वहां काम नहीं आ सकते। तुम्हारी प्रार्थनाएं झूठी, तुम्हारी भावनाएं झूठी और फिर तुम सोचते हो कि बात क्या है, कहां कमी रह गई, कहां चूक हो रही है! और तुम जब पूछते हो अपने पंडितों से, अपने पुजारियों से, अपने पुरोहितों से, तो वे तो होशियार हो गए हैं सदियों-सदियों तुम्हारे जैसे ही बेईमानों के साथ व्यवहार करते-करते। तो वे कहते हैं: पिछले जन्मों के कर्म, कर्मों का भार, भाग्य, विधाता, कोई जल्दी थोड़े ही होता है; जन्म-जन्म लगेंगे, करते रहो प्रार्थना! ‘रसरी आवत जात है, सिल पर पड़त निशान।’ घिसते रहो रस्सी को, सिल पर भी निशान पड़ जाएगा। ‘करत-करत अभ्यास के जड़मति होत सुजान।’
मैं तो नहीं समझता। जड़मति कितना ही अभ्यास करे, और जड़मति हो जाएगा। जड़मति कैसे अभ्यास करके सुजान हो जाएगा, यह तो जरा सोचो! जड़मति ही तो अभ्यास करेगा न! जड़ मति से ही तो अभ्यास करेगा न! जड़ मति ही तो अभ्यास करेगा, तो जड़मति अभ्यास करने से सुजान कैसे हो जाएगा? रस्सी आने-जाने से भला चट्टान पर निशान पड़ जाए, वह तो बात जंच सकती है, लेकिन अभ्यास करने से जड़मति सुजान नहीं होता।
अभ्यास के पहले सम्यक बोध चाहिए। बीज ठीक चाहिए, तुम लाख उपाय करो, नीम के बीज बोओगे और कितना ही अभ्यास करो, कितना ही पानी सींचो, कितना ही खाद डालो, इससे कुछ आम पैदा नहीं हो जाएंगे।
प्रार्थनाएं लोगों की झूठी हैं, इसलिए इस संसार में परमात्मा का प्रमाण नहीं मिलता। और प्रार्थना के झूठे होने का बुनियादी आधार है..तुम्हारी मांग। जब भी तुम कुछ मांगो तो समझना प्रार्थना झूठी। फिर प्रार्थना सच्ची कब होगी? सच्ची प्रार्थना बिन मांगे होती है। सिर्फ अपना समर्पण। अपने को दो, उससे मांगना क्या है? अपने को देना है।
इसलिए जब मैं कहता हूं झोली फैला दो, तो मेरा अर्थ है कि कह दो कि मैं कुछ भी नहीं हूं, मात्र एक झोली हूं खाली। अब जो तेरी मर्जी! खाली रखना हो खाली रख, तो भी मैं नाचूंगा, क्योंकि तेरी मर्जी से खाली हूं। भरना हो तो भर दे, तो भी मैं नाचूंगा, क्योंकि तेरी मर्जी से भरा हूं। अब खालीपन में और भरेपन में कुछ भेद नहीं।
जीसस ने सूली पर अपनी अंतिम प्रार्थना में कहा: हे प्रभु, तेरी मर्जी पूरी हो!
कबीर के वचन का वही अर्थ है..
कहै कबीर मैं हौं वाही को,
होनी होय सो होय।
अब तो मैं उसका हो गया हूं, जो बिना मांगे देता है। अब जो होना हो वह हो। अब मैं हर हाल राजी हूं। अब मेरा अपना कोई संकल्प नहीं है। मैंने अपना सारा संकल्प उसी के चरणों में रख दिया है। अब मैं हूं ही नहीं। अब मेरे हाथों में वही है, मेरे पैरों में वही है। वही मेरे हृदय में धड़कता है, वही मेरे खून में गतिमान है, वही मुझमें बोले, वही मुझ में चुप हो, मैं तो मिट गया! मैंने तो अपने को विदा दे दी, मैंने अपने को बाद दे दी।
होनी होय सो होय।
इस मंत्र को ख्याल रखना। इस एक मंत्र के द्वारा ही तुम्हारे जीवन में क्रांति घटित हो सकती है। सिर्फ यह छोटा सा मंत्र..होनी होय सो होय! तुम्हारी सब गायत्रियां फीकी हैं। इतना कह सको तो बस पर्याप्त है। फिर तुम्हारे श्वास-श्वास से गायत्री उठेगी, गीता उठेगी, कुरान जगेगा।
चली मैं खोज में पिय की। मिटी नहिं सोच यह जिय की।।
कबीर कहते हैं: मैं उस प्यारे की खोज में निकला। मगर कहीं हृदय में, कोई गहरे में बात एक खटकती रही।
चली मैं खोज में पिय की। मिटी नहिं सोच यह जिय की।।
रहे नित पास ही मेरे।
वह तो पास है।
न पाऊं यार को हेरे।
यहां वहां कितने ही हेरे-फेरे मारूं, उस यार को नहीं पा सकूंगा। यह बात मेरे प्राणों के प्राण में गूंजती ही रही है। तुम्हारे प्राणों में भी गूंज रही है। सुनो तब न! तुम बाहर के शोरगुल से इतने भरे हो कि भीतर की धीमी-धीमी आवाज कि भीतर का कल-कल नाद सुनाई नहीं पड़ता।
 चली मैं खोज में पिय की। मिटी नहीं सोच यह जिय की।।
कबीर कहते हैं: मैं खोजने तो चला, क्योंकि हम यही सुनते हैं कि परमात्मा को खोजना पड़ेगा..काबा में, काशी में, कैलाश में, गिरनार में, कहीं परमात्मा को खोजना पड़ेगा। परमात्मा को खोज बनाओ, खोजो। तो चला। कबीर कहते हैं: मैं खोजने चला। बहुत खोजा, मगर भीतर एक बात मेरे खटकती ही रही, कहीं एक बात मेरे हृदय में गूंजती ही रही। जिसने मेरा कभी पीछा न छोड़ा और वह बात यह थी कि..रहे नित पास ही मेरे। न पाऊं यार को हेरे। कोई मेरे भीतर कहता ही रहा: पागल, कहां जा रहा है? मैं तो तेरे भीतर बैठा हूं। मैं तो तेरे प्राणों के प्राणों में विराजमान हूं। तू मेरा मंदिर। तू जा कहां रहा है? ऐसी धीमी-धीमी आवाज आती रही, धीरे-धीरे समझ में आने लगी। धीरे-धीरे साफ हुई।
बिकल चहुं ओर को धाऊं। तबहु नहिं कंत को पाऊं।।
कोई कहता ही रहा; मैंने सुना, नहीं सुना, मगर कोई कहता ही रहा। कोई अंतरवाणी भीतर गूंजती ही रही कि चाहे कितना ही भागूं-दौड़ूं, आपूं-धापूं..तबहु नहीं कंत को पाऊं..फिर भी उस प्यारे को नहीं पा सकूंगा।
धरों केहि भांति सों धीरा। गयौ गिर हाथ से हीरा।।
और अपने को कितना ही धीरज बंधाऊं, बंधाए-बंधाए भी धीरज बंधता नहीं, क्योंकि हाथ से मेरे हीरा गिर गया है। जिसका हीरा गिर गया है, उसको तुम लाख समझाओ, लाख सांत्वना धराओ, तुम्हारे शब्द सुन लेता है, मगर उस पर कोई परिणाम नहीं होता।
कबीर कहते हैं: जब तक उसको पा न लूं, तब तक धीरज नहीं। साधु-संत समझाते हैं: धीरज रखो, धैर्य रखो, संतोष रखो। मगर कैसा संतोष, कैसा धीरज? जब तक उस प्यारे से मिलन न हो जाए, तब तक यह असंभव है, यह हो नहीं सकता। हां, ठीक है, बात जंचती है कि संतोष अच्छा है। कहते हैं, संतोषी सदा सुखी। तर्क समझ में आता है। मगर जिसके हाथ से हीरा गिर गया है, जिसका प्राण-प्यारा खो गया है, जिसको अपना भी पता नहीं है, वह किस भांति धीरज रखे?
ऐसी ही आवाज तुम्हारे भीतर भी मौजूद है, सबके भीतर मौजूद है। यह अंतरनाद हम जन्म के साथ ही लेकर आए हैं। यह अंतरनाद सदियों-सदियों से हमारे साथ है। हम सुनें न सुनें, लेकिन परमात्मा पुकारता चला जाता है। यह प्रेम एक-तरफा नहीं है। कोई हम ही उसके प्रेम में दीवाने होते हैं, ऐसा नहीं है; वह भी हमारे प्रेम में दीवाना है। यह आग एक ही तरफ नहीं लगी है; यह आग दोनों तरफ लगी है।

दोनों ओर प्रेम पलता है।
सखि, पतंग भी जलता है! हां, दीपक भी जलता है!

सीस हिला कर दीपक कहता..
‘बंधु, वृथा ही तू क्यों दहता? ’
पर पतंग पड़ कर ही रहता! कितनी विह्वलता है।
दोनों ओर प्रेम पलता है।

बच कर हाय! पतंग मरे क्या?
प्रणय छोड़ कर प्राण धरे क्या?
जले नहीं तो मरा करे क्या? क्या यह असफलता है?
दोनों ओर प्रेम पलता है?

कहता है पतंग मन मारे,
‘तुम महान, मैं लघु, पर प्यारे,
क्यों न मरण भी हाथ हमारे? शरण किसे छलता है।’
दोनों ओर प्रेम पलता है।

दीपक के जलने में आली,
फिर भी है जीवन की लाली,
किंतु पतंग-भाग्य लिपि काली, किसका वश चलता है?
दोनों ओर प्रेम पलता है।

जगती वणिग्वृत्ति है रखती,
उसे चाहती जिससे चखती,
काम नहीं, परिणाम निरखती, मुझे यही खलता है।
दोनों ओर प्रेम पलता है।

सखि, पतंग भी जलता है! हां, दीपक भी जलता है!

पतंग ही नहीं जलता, दीपक भी जलता है। इसके पहले कि पतंग जले, दीपक को जलना होता है। इसके पहले कि तुम परमात्मा को पुकारो, वह तुम्हें पुकार रहा है। वह दीपक है, हम पतंग हैं। दोनों ओर प्रेम पलता है। इसलिए तुम्हारे भीतर अहर्निश उसकी पुकार आती रहती है..किसी अज्ञात मार्ग से! लेकिन तुम भीतर देखते नहीं, भीतर सुनते नहीं; बाहर का शोरगुल तुम्हें इस तरह घेरे हुए है; विचारों, वासनाओं के प्रचंड तूफान में तुम ऐसे घिरे हो। कहां फुरसत, कहां समय, कहां अवकाश कि घड़ी भर शांत बैठो, कि घड़ी भर भीतर झांको!
 कटी जब नैन की झाईं। लख्यौं तब गगन में साईं।।
 कबीर कहते हैं: जब आंख की जाली कटी...आंख की जाली यानी जो बाहर देखने की यह जो जन्मों-जन्मों की आदत थी, यह जो बाहर देखने का ही अभ्यास हो गया था और भीतर देखने की भाषा भूल गई थी।
कटी जब नैन की झाईं। लख्यौं तब गगन में साईं।।
तब भीतर के ही आकाश में..गगन भीतर के आकाश की तरफ इशारा है..शून्य गगन में, उस भीतर के शांत शून्य निराकार में..लख्यौं तब गगन में साईं..तब मालिक वहां भीतर विराजमान देखा। कितने गए काबा, कितने गए काशी, कहां-कहां नहीं भटके! नहीं पाया उसे। और जब पाया तो अपने भीतर पाया।
कबीर शब्द कहि त्रासा। नयन में यार को वासा।।
खूब भटके, व्यर्थ भटके। शब्दों ने खूब भरमाया, शब्दों ने खूब त्रास दिया।
नयन में यार को वासा।
और जिसे खोजते थे वह आंखों के भीतर ही बसा था।
प्रत्येक मनुष्य ‘उसका’ मंदिर है। कहीं और मंदिर खोजने मत जाना, नहीं तो असली मंदिर से वंचित रह जाओगे। सुनना हो वेद को, कुरान को, तो सुनो भीतर। वहीं से उठते हैं उपनिषद, वहीं से उठती है वास्तविक भगवत-वाणी! और जिसने वहां नहीं सुनी वह लाख शब्दों को याद कर ले, भगवत-गीता कंठस्थ कर ले, बस वह तोते के जैसी बात है, उसका कोई भी मूल्य नहीं है।
तन-मन-धन बाजी लागी हो,
और जिसको भीतर जाना हो उसे जरा साहस जुटाना पड़ता है। क्योंकि उस शून्य गगन में प्रवेश करना, इस जीवन का सबसे बड़ा साहस है, दुस्साहस है। तन-मन-धन बाजी लागी हो। सब बाजी पर लग जाता है।
संन्यास का अर्थ त्याग नहीं है; संन्यास का अर्थ बाजी है। संन्यास का अर्थ भागना नहीं है; संन्यास का अर्थ सब दांव पर लगा देना है।
तन-मन-धन बाजी लागी हो,
चैपड़ खेलूं पीव से रे, तन-मन बाजी लगाया।
कबीर कहते हैं: चैपड़ खेल रहा हूं प्यारे के साथ, सब दांव पर लगा दिया है। और बड़ी अदभुत बात कहते हैं, सम्हाल कर रख लेना। कोहिनूरों में भी तौलो तो भी तौली न जा सकेगी।
हारी तो पिय की भई रे, जीती तो पिय मोर हो।
यह अदभुत बाजी है, यहां हारो तो भी जीत होती है, जीतो तो भी जीत होती है! यहां हार होती ही नहीं। प्रेम में कभी कोई हारा है? प्रेम में जो हारा सो जीता जो जीता सो तो जीता ही। हारी तो पिय की भई रे। अगर मैं हार गया तो सब कुछ प्रिय हो जाएगा, तन-मन-धन सब लगा दिया है, कुछ पीछे बचाया नहीं। पूरा-पूरा दांव फर रख दिया है। हार गया तो मैं सब कुछ उसका हो जाऊंगा और इससे बड़ा और क्या सौभाग्य..जीती तो पिय मोर हो! और उसने भी कुछ बाजी में कमी नहीं की है, पूरा का पूरा दांव पर वह भी लगा है। अगर मैं जीत गया तो प्यारा मेरा हो जाएगा। दोनों हालत में दो मिट जाएंगे, एक ही बचेगा। फिर चाहे प्यारा बचे या मैं बचूं, क्या फर्क पड़ता है! कहने की बात है फिर।
ज्ञानियों ने कहा: अहं ब्रह्मास्मि। ज्ञानी कहते हैं: मैं ही बच गया, परमात्मा मेरे साथ एक हो गया। महावीर और बुद्ध यही कहते हैं कि आत्मा ही बच गई, परमात्मा उसी में लीन हो गया। और भक्त कहते हैं: आत्मा खो गई, परमात्मा में लीन हो गई। ये कहने के भेद हैं। नदी सागर में उतरी, अब तुम चाहो तो कह दो कि नदी सागर हो गई और चाहो तो यह कह दो कि सागर नदी हो गया। तुम्हारी मौज। असली बात यह है कि अब दो नहीं रहे, एक बचा। अब एक को तुम क्या कहना चाहते हो, तुम्हारी मर्जी। नाम का ही भेद है।
भक्त कहते हैं: मैं मिट जाता है, तू बचता है। ज्ञानी कहते हैं: तू मिट जाता है, मैं बचता है। सच तो यह है: न मैं बचता है, न तू बचता है; जो बचता है उसे अब मैं और तू में कहने का कोई उपाय नहीं। वह अव्याख्य है, अनिर्वचनीय है। हारी तो पिय की भई रे, जीती तो पिय मोर हो!
चैसरिया के खेल में रे, जुग्ग मिलन की आस।
चैसर के खेल में जब दो गोटियां एक जगह इकट्ठी हो जाती हैं, उसकी आशा में ही भक्त भीतर-भीतर उतरता जाता है। लगाता जाता है सब दांव पर।
चैसरिया के खेल में रे, जुग्ग मिलन की आस।
बस एक ही आशा है कि कोई घड़ी तो आएगी जब दोनों गोटें एक जगह मिल जाएंगी; जहां मैं और तू का मिलन होगा।
नर्द अकेली रह गई रे, नहिं जीवन की आस हो।
अगर गोटी अकेली रह गई तो फिर जीवन व्यर्थ है, फिर जीवन में कुछ आशा नहीं है। जीवन में सारी आशा परमात्मा की मौजूदगी से है और जीवन का सारा रस हम कितने उससे ओतप्रोत हो जाएं इसमें छिपा है। जीवन का सारा अर्थ, महिमा परमात्मा में डुबकी लगाने में है। अपने को मिटा दो तो तुम हो जाओगे। ऐसा उलटा सूत्र है जीवन का, ऐसा महागणित है जीवन का!
चार बरन घर एक है रे, भांति भांति के लोग।
यहां इतने वर्ण हैं, चार वर्ण हैं; मगर घर एक है। चाहे शूद्र हो, चाहे ब्राह्मण हो, चाहे क्षत्रिय हो, चाहे वैश्य हो, इनमें कुछ भेद है क्या? ये घरों के भेद हैं। और घरों में क्या भेद? सब मिट्टी के भांडे हैं। तुम क्या किसी हड्डी को, डाक्टर के पास ले जाकर जांच करवा सकते हो कि यह शूद्र की है या ब्राह्मण की? कोई डाक्टर दुनिया का बताने में समर्थ नहीं हो सकता कि यह शूद्र की हड्डी है या ब्राह्मण की। शूद्र और ब्राह्मण की तो फिकर छोड़ दो, कोई डाक्टर यह भी नहीं बता सकता कि यह हड्डी राम की है, कृष्ण की है, बुद्ध की है, कि रावण की है, कंस की है कि जुदास की है, यह भी नहीं बता सकता। यह हड्डी किसी संत की है, महात्मा की है कि हत्यारे की है, यह भी नहीं बता सकता। घर तो घर है। घर के भीतर कौन रहा, इससे घर में कोई फर्क नहीं पड़ता। लेकिन हम घर को बड़ा महत्व दे रहे हैं, बड़ा शोरगुल मचाया हुआ है।
शरीर को इतना मूल्य दे दिया है! और इस मूल्य को हम धार्मिकता कहते हैं। लोगों को चार हिस्सों में बांट दिया है। बीसवीं सदी में भी, अभी हरिजन जलाए जाते हैं, जिंदा! और यह भारत जैसे महान धार्मिक देश में घटता है। धर्म के नाम पर भी कैसे-कैसे पाप पलते हैं! सुविधा से पलते हैं। अच्छी आड़ मिल जाती है, बहाना मिल जाता है।
चार बरन घर एक है रे, भांति भांति के लोग।
ऊपर-ऊपर के भेद हैं, भीतर तो एक ही बसा है।
मनसा-बाचा कर्मना कोई, प्रीति निबाहो ओर हो।
इन छोटी-छोटी बातों को धर्म मत समझ लेना। असली धर्म तो है: मनसा-बाचा कर्मना, प्रीति को निबाहना। मन से, वचन से, कर्म से जो परमात्मा के प्रति अपनी प्रीति को निभाए; जो ऐसे जिए, ऐसे उठे, ऐसे बैठे, ऐसे बोले, जिसके जीवन के अंग-अंग में परमात्मा की मौजूदगी की छाप हो। जैसे परमात्मा प्रतिक्षण उसके साथ है, छाया की तरह साथ है।
मनसा-बाचा कर्मना कोई, प्रीति निबाहो ओर हो।
लख चैरासी भरमत भरमत, पौ पे अटकी आय।
‘पौ’ कहते हैं: जीत का दांव-विशेष। वह घड़ी खेल की जब इस पार या उस पार तय हो जाता है।
लख चैरासी भरमत भरमत, पौ पे अटकी आय।
मनुष्य का यह जो जन्म है, यह पौ की घड़ी है। कितनी यात्राओं के बाद यह अपूर्व अवसर मिला है!
जो अबके पौ ना पड़ी रे, फिर चैरासी जाय हो।
अगर अबकी बार भी न जीते तो फिर लंबी यात्रा है। फिर लंबी भटकन है।

वह प्रदीप जो दीख रहा है झिलमिल, दूर नहीं है;
थक कर बैठ गए क्यों भाई! मंजिल दूर नहीं है।
चिंगारी बन गई लहू की
बूंद गिरी जो पग से;
चमक रहे, पीछे मुड़ देखो,
चरण-चिह्न जगमग-से।
शुरू हुई आराध्य-भूमि यह,
क्लांति नहीं रे राही;
और नहीं तो पांव लगे हैं
क्यों पड़ने डगमग-से?
बाकी होश तभी तक, जब तक जलता तूर नहीं है;
थक कर बैठ गए क्यों भाई! मंजिल दूर नहीं है।

अपनी हड्डी की मशाल से
हृदय चीरते तम का,
सारी रात चले तुम दुख
झेलते कुलिश निर्मम का।
एक खेय है शेष, किसी विध
पार उसे कर आओ;
वह देखो उस पार चमकता
है मंदिर प्रियतम का।
आकर इतना पास फिरे, वह सच्चा शूर नहीं है,
थक कर बैठ गए क्यों भाई! मंजिल दूर नहीं है।

दिशा दीप्त हो उठी प्राप्त कर
पुण्य-प्रकाश तुम्हारा,
लिखा जा चुका अनल-अक्षरों
में इतिहास तुम्हारा।
जिस मिट्टी ने लहू पिया,
वह फूल खिलाएगी ही,
अंबर पर घन बन छाएगा
ही उच्छ्वास तुम्हारा।
और अधिक ले जांच, देवता इतना क्रूर नहीं है।
थक कर बैठ गए क्यों भाई! मंजिल दूर नहीं है।

मनुष्य से निकटतम है परमात्मा। क्यों? क्योंकि अकेला मनुष्य ही एकमात्र प्राणी है जो अंतर्मुखी हो सकता है। और सारे पशु-पक्षी हैं, उनमें भी इतना ही परमात्मा है, जितना हम में है, लेकिन वे अंतर्मुखी नहीं हो सकते, वे भीतर नहीं मुड़ सकते। मनुष्यों में भी सभी मनुष्य कहां भीतर मुड़ पाते हैं। कभी लाखों-करोड़ों में एकाध मुड़ता है। कभी कोई एक बुद्ध, कोई कबीर, कोई नानक, कोई दादू, कोई रैदास, कोई मलूक, कभी एकाध! लेकिन जो भीतर मुड़ता है उसने ही मनुष्य जीवन का ठीक-ठीक उपयोग किया। उस भीतर मुड़ने को ही मैं ध्यान कहता हूं। प्रार्थना चाहो उसे प्रार्थना कहो। उस भीतर मुड़ने को ही जो अपने जीवन का लक्ष्य बना लेता है, उसे मैं संन्यासी कहता हूं। नहीं कि वह भाग जाता है संसार से, बल्कि जीवन को एक दिशा दे देता है..एक गंतव्य, एक लक्ष्य। सारी जीवन-ऊर्जा एक तीर की तरह भीतर की यात्रा पर निकल पड़ती है। अपनी खोज में जो संलग्न हो जाता है, वही संन्यासी है।
और मनुष्य-जीवन एकमात्र जीवन है, जहां से हम भीतर की यात्रा कर सकते हैं। यह एक चैराहा है जहां से भीतर की तरफ रास्ता जाता है। चूक गए यह चैराहा तो फिर न मालूम कितने-कितने जन्मों के बाद मिले यह अवसर, मिले न मिले! फिर बात बहुत लंबी हो जाएगी। इतने करीब आकर गंतव्य के चूकना उचित नहीं, नासमझी है।
लख चैरासी भरमत भरमत, पौ पे अटकी आय।
अब तो बिल्कुल आ गए किनारे, यह लगी नाव, यह रहा किनारा। अब भटकते हो? सब तूफान पार कर आए, अंधेरे को पार कर आए, सुबह होने के करीब है, और अब सोने की तैयारी कर रहे हो? अब सूरज फूटने को है, भोर होने लगी और तुम चादर तान कर सोने का इंतजाम कर रहे हो?
जो अबके पौ ना पड़ी रे, फिर चैरासी जाय हो।
कहैं कबीर धर्मदास से रे, जीती बाजी मत हार।
धर्मदास कबीर के एक शिष्य हैं, जिनको संबोधन करके ये वचन उन्होंने कहे हैं।
कहै कबीर धर्मदास से रे, जीती बाजी मत हार।
बात जीत ही गई। निन्यानबे प्रतिशत जीत गई..मनुष्य होने में ही निन्यानबे प्रतिशत तो तुम जीत गए। बस एक प्रतिशत जीत के लिए चूकना है?
जरा सी बात बची है, जरा सा उपाय, थोड़ा सा श्रम, थोड़ा सा बोध..और क्रांति घट जाएगी। सब मौजूद है। तेल मौजूद है, बाती मौजूद है, दीया मौजूद है, चकमक पत्थर मौजूद है; जरा दोनों पत्थरों को रगड़ देना है। जरा सी रगड़..और आग पैदा हो जाएगी, और दीया जल जाएगा और सदियों-सदियों का अंधेरा कट जाएगा। कहते हैं कबीरः मत हारो ऐसी जीती बाजी को।
मरा हूं हजार मरण
पाई तब चरण-शरण।

फैला जो तिमिर-जाल
कट-कट कर रहा काल,
अंसुओं के अंशुमाल,
पड़े अमित सिताभरण।
मरा हूं हजार मरण
पाई तब चरण-शरण।

जल-कलकल-नाद बढ़ा
अंतर्हित हर्ष कढ़ा,
विश्व उसी को उमड़ा,
हुए चारु-करण सरण।
मरा हूं हजार मरण
पाई तब चरण-शरण।

यह अवसर हजारों बार मर कर मिला है और यूं चूके जाते हो!
बुद्ध एक कहानी कहा करते थे। वे कहते थे: एक आदमी को एक सम्राट ने कारागृह में बंद कर दिया। लेकिन उस आदमी ने सम्राट की बड़ी सेवाएं की थीं और सम्राट दुखी था कि उसे बंद करना पड़ा, क्योंकि उसने कुछ दगाबाजी की थी। मगर हजारों उसने सम्राट के उपकार भी किए थे, तो उसे एक विशेष तरह की सजा दी गई। सम्राट का एक महल था, जिसमें एक हजार दरवाजे थे। उस आदमी की आंख पर पट्टी बांध दी गई और उससे कहा गया कि तू महल में घूम, नौ सौ निन्यानबे दरवाजे बंद कर दिए हैं और एक दरवाजा खुला है, अगर तू वह दरवाजा खोज लेगा और बाहर निकल आएगा, तो तू मुक्त है।
वह आदमी आंख पर पट्टी बांधे टटोलता-टटोलता महल में भटकता है। नौ सौ निन्यानबे दरवाजे बंद हैं। सोच सकते हो तुम उसकी हालत, थक जाता है, परेशान हो जाता है। मालूम है कि एक दरवाजा खुला है, और मालूम है कि हर घड़ी वह दरवाजा करीब आ रहा है, क्योंकि जितने दरवाजे बंद छूट गए पीछे उतने कम हो गए। ओर जब वह दरवाजा उसके करीब आया तो उसके सिर पर एक मक्खी आ बैठी, वह उस मक्खी को उड़ाने में दरवाजा पार कर गया..बिना टटोले। फिर नौ सौ निन्यानबे दरवाजे! फिर लंबी यात्रा! बस आया-आया और चूक गया।
बुद्ध कहते थे, ऐसी ही हालत मनुष्य की है। मनुष्य-जीवन एक खुला दरवाजा है। और कितने बंद दरवाजों को टटोल-टटोल कर तुम मनुष्य हो पाए! कहीं छोटी-मोटी बातों में मत चूक जाना। सिर पर मक्खी बैठ गई और चूक गए! और ऐसी ही बातों में लोग चूक कर रहे हैं। कोई धन में अटक गया है; वह कोई सिर पर बैठी मक्खी से ज्यादा नहीं है मामला। कम भला हो ज्यादा तो नहीं है। कोई पद में चूका जा रहा है। कोई गरुर में अकड़ा हुआ है। छोटी-छोटी बातें, दो कौड़ी की बातें, जिनका कोई मूल्य नहीं।
समझो कि यह आदमी आ गया फिर नौ सौ निन्यानबे चक्कर लगा कर और कोई आदमी गाली दे दे उसको जब दरवाजा खुला उसके करीब आता हो; बस, क्रोध में भन्ना गया; उसी भन्नाने में निकल गया। फिर नौ सौ निन्यानबे दरवाजे, फिर लंबी यात्रा है। और कई तरह की अड़चनें आ सकती हैं। और लोग ऐसे मूढ़ हैं कि उनके लिए चूकना आसान, चूकने का अभ्यास पुराना है। इसलिए चूकना उनका स्वभाव हो गया है। जगा रहे हैं कबीर..
कहैं कबीर धर्मदास से रे, जीती बाजी मत हार।
अबके सुरत चढ़ाय दे रे, सोई सुहागिन नार हो।
अब की हो जाने दे विवाह, अब की रच जाने दे, पड़ जाने दे भांवर। जरा सी ही बात करनी है: सुरत को चढ़ा देना है ऊपर, स्मृति को, बोध को जगा देना है! बुद्ध ने जिसको सम्यक स्मृति कहा है..‘सम्मासति’..उसी को कबीर ने सुरति कहा है। सुरति का अर्थ होता है..स्मरण। स्मरण इस बात का कि मैं कौन हूं। स्मरण अपने स्वभाव का, अपने स्वरूप का।
अबके सुरत चढ़ाय दे रे, सोई सुहागिन नार हो।
अगर चढ़ जाए अबकी सुरत तो जन्मों-जन्मों का खोया सुहाग फिर से मिल जाए, प्यारा फिर से मिल जाए। फिर भांवर पड़े..शाश्वत के साथ, सनातन के साथ, अमृत के साथ! जागो, बहुत सो चुके हो!
बीती विभावरी जाग री!
अंबर पनघट में डुबो रही
तारा-घट उषा नागरी।

खग-कुल कुल-कुल सा बोल रहा,
किसलय का अंचल डोल रहा।
लो, यह लतिका भी भर लाई
मधु मुकुल नवल रस-गागरी।

अधरों में राग अमंद पिए,
अलकों में मलयज बंद किए,
तू अब तक सोई है आली!
आंखों में भरे विहाग री!

बीती विभावरी जाग री!
अंबर पनघट में डुबो रही
तारा-घट उषा नागरी।

सुबह आ गई। मनुष्य का जन्म भोर का क्षण है। अभी चाहो और जाग जाओ, तो सूरज से मिलन हो जाए। कहीं दिन को भी सोने में मत गंवा देना। रात सोने में गई, क्षमा किया जा सकता है। लेकिन दिन भी सोने में चला जाए तो अक्षम्य है।
और जो बीत गया, उसकी फिकर छोड़ो। जन्मों-जन्मों में जो भटकाव रहे, उनकी चिंताओं में न पड़ो। मेरे पास लोग आते हैं, वे कहते हैं: पिछले जन्मों की याद कैसे आए? मैं उनसे कहता हूं कि अभी तुम इस जन्म में क्या तुम्हारे जीवन का स्रोत है, उसकी याद करने में लगो। क्या करोगे जान कर कि पहले तुम एक बार कुत्ते थे कि बिल्ली थे? जान भी लोगे तो क्या करोगे, कि एक बार वृक्ष थे कि हाथी थे कि घोड़े थे? जान भी लोगे तो क्या करोगे? स्मृति भी आ जाएगी तो क्या खाक उसका कोई मूल्य है! पीछे की क्या फिकर? इतना पक्का है कि तुम यहां अनंतकाल से हो, क्योंकि जीवन में कुछ नष्ट नहीं होता। यहां केवल रूप बदलते हैं, आकार बदलते हैं, कुछ भी नष्ट नहीं होता। पानी भाप बन जाता है तो भी कुछ नष्ट नहीं होता। फिर बदली घिरेगी, फिर वर्षा आएगी, फिर पानी बरस जाएगा, फिर नदियां बहेंगी, फिर समुद्र में गिरेगा, फिर भाप बनेगा, फिर हिमालय पर बरसेगा। वर्तुलाकार है। फिर गंगा से बहेगा, फिर पहुंच जाएगा सागर, फिर उठेगा आकाश में।
तुम घूमते रहे इस चक्कर में। अब इससे क्या फर्क पड़ता है कि इसका विस्तार जानो? इसका विस्तार जानने से कुछ प्रयोजन नहीं और विस्तार इतना बड़ा है कि जानने में कहीं इस जीवन को मत गंवा देना! विस्तार इतना बड़ा है, फाइलों पर फाइलें हैं कि तुम अगर उनमें खो गए और उसका हिसाब-किताब लगाने में बैठ गए तो यह जीवन छोटा सा है, यह यूं चला जाएगा कि पता न चलेगा, यह आंख की पलक झपकते निकल जाएगा।
कल की फिकर छोड़ो। कुछ को फिकर आने वाले कल की है। कुछ आ जाते हैं, वे कहते हैं कि मृत्यु के बाद क्या होगा? मैं उनसे कहता हूं: पागलो, इसकी फिकर करो कि मृत्यु के पहले क्या हो रहा है। मृत्यु के बाद क्या होगा, यह जब मरो तब देख लेना, तब जान लेना; इसकी इतनी क्या जल्दी पड़ी है? अभी तुम जीवित हो, अभी क्या है तुम्हारे भीतर, उसकी चिंता लो।

जो बीत गई सो बात गई।

जीवन में एक सितारा था,
माना, वह बेहद प्यारा था,
वह डूब गया तो डूब गया।
अंबर के आनन को देखो,
कितने इसके तारे टूटे,
कितने इसके प्यारे छूटे,
जो छूट गए, फिर कहां मिले;
पर बोलो टूटे तारों पर
कब अंबर शोक मनाता है!
जो बीत गई सो बात गई!

जीवन में वह था एक कुसुम,
थे उस पर नित्य निछावर तुम,
वह सूख गया तो सूख गया;
मधुवन की छाती को देखो,
सूखीं इसकी कितनी कलियां,
मुरझाईं कितनी वल्लरियां
जो मुरझाईं, फिर कहां खिलीं,
पर बोलो सूखे फूलों पर
कब मधुवन शोर मचाता है!
जो बीत गई सो बात गई!

जीवन में मधु का प्याला था,
तुमने तन-मन दे डाला था,
वह टूट गया तो टूट गया;
मदिरालय का आंगन देखो,
कितने प्याले हिल जाते हैं
गिर मिट्टी में मिल जाते हैं,
जो गिरते हैं, कब उठते हैं,
पर बोलो टूटे प्यालों पर
कब मदिरालय पछताता है
जो बीत गई सो बात गई!

मृद-मिट्टी के हैं बने हुए,
मधु-घट टूटा ही करते हैं,
लघु जीवन लेकर आए हैं,
प्याले फूटा ही करते हैं,
फिर भी मदिरालय के अंदर
मधु के घट हैं, मधु प्याले हैं
जो मादकता के मारे हैं,
वे मधु लूटा ही करते हैं,
वह कच्चा पीने वाला है
जिसकी ममता घट-प्यालों पर
जो सच्चे मधु से जला हुआ
कब रोता है, चिल्लाता है!
जो बीत गई सो बात गई।

जरा भीतर मुड़ो, वहां मधु की धार बह रही है..शाश्वत मधु की धारा बह रही है! वहां मधुमय विराजमान है। वहां अमृत का स्रोत है। उससे पहचान कर लो।
और मनुष्य-जीवन में ही उससे पहचान हो सकती है। इसलिए कबीर ठीक कहते हैं कि बहुत बार हारे हो, इस बार बाजी मत हार जाना। एक बार भीतर देख लो, बस फिर जीवन का सारा दुख कट जाता है, चिंता कट जाती है, संताप कट जाता है। आनंद की, अमृत की वर्षा हो जाती है! फिर एक और ही आयाम खुलता है। उस आयाम का नाम ही परमात्मा है। एक और ही द्वार, एक और ही रहस्यमय द्वार खुलता है। उस रहस्यमय द्वार का नाम ही परमात्मा है।
और वह द्वार तुम्हारे भीतर है। कहीं और न खोजना, नहीं तो खोज व्यर्थ होगी। भीतर खोदो, भीतर खोजो!

आज इतना ही।